अफगानिस्तान सीरीज में नजर आएंगे हार्दिक पंड्या, वापसी को मिली मंजूरी

0

नई दिल्ली : टीम इंडिया और उसके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पूरी तरह फिट हो गए हैं और उन्हें बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने आगामी अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलने के लिए मंजूरी दे दी है। चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कुछ मुकाबलों से बाहर रहने के बाद हार्दिक पंड्या ने अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की और अब वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

32 वर्षीय हार्दिक पंड्या आईपीएल के दौरान पीठ में ऐंठन (बैक स्पाज्म्स) के कारण मुंबई इंडियंस के लिए कई मुकाबले नहीं खेल पाए थे। वह 2 जून 2026 से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के हवाले से बताया कि सीओई आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। इसके बाद अगले पांच दिनों के दौरान उन्होंने कई मैच सिमुलेशन किए और पूरी 10 ओवर की गेंदबाजी भी की, जिससे उनकी मैच फिटनेस का आकलन किया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पंड्या को कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक CoE में स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनके फिटनेस डेटा को मंजूरी दे दी है। सोमवार आठ जून 2026 को भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास हार्दिक पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है।

हार्दिक पंड्या भारतीय व्हाइट-बॉल सेटअप का एक अहम हिस्सा हैं, क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन प्रदान करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हार्दिक पंड्या ट्रेनिंग सेशन में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक पंड्या लाइट्स में ट्रेनिंग सेशन के लिए चंडीगढ़ में टीम के साथ जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला में मिलेंगे, जैसा कि पहले तय योजना में था। इस बीच, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी अपनी हैमस्ट्रिंग की समस्या की जांच के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में मौजूद हैं। इसी कारण रोहित शर्मा हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए कई मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here