नई दिल्ली: घरेलू क्रिकेट सत्र शुरू होने से पहले हरियाणा को तगड़ा झटका लगा है। ऑफ स्पिनर जयंत यादव के बाद अब तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने भी टीम का साथ छोड़ दिया है। हर्षल ने आगामी 2025-26 घरेलू सीजन के लिए गुजरात से करार किया है। गौरतलब है कि हर्षल पटेल का जन्म गुजरात में ही हुआ था। उन्होंने 2008-09 के अंडर-19 सीजन में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा था और इसके बाद लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हर्षल पटेल ने 2010 अंडर-19 विश्व कप से लौटने के बाद जब गुजरात की टीम में जगह नहीं मिली तो हरियाणा का रुख किया। उन्होंने 2011-12 सीजन में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया और तब से लगातार टीम के अहम सदस्य बने रहे। हर्षल ने अब तक 74 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 24.02 की औसत से 246 विकेट झटके हैं। इस दौरान उन्होंने 12 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है।
हरियाणा को मजबूत टीम बनाने में हर्षल का अहम योगदान
हर्षल पटेल ने पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा को सफेद गेंद के प्रारूप में एक मजबूत टीम बनाने में अहम भूमिका निभाई। वह उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा थे, जिसने 2023-24 सीजन में विजय हजारे ट्रॉफी जीतकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि, अब उन्होंने हरियाणा से अलग होने का फैसला किया है ताकि परिवार के साथ अधिक समय बिता सकें और अपने क्रिकेट करियर का अगला चरण गुजरात से खेलते हुए आगे बढ़ा सकें।
परिवार संग वक्त बिताने के लिए लिया बड़ा फैसला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद में रहने वाले हर्षल का परिवार अमेरिका में भी रहता है। उन्हें दोनों जगह समय बांटना पड़ता है। ऐसे में उन्होंने टीम बदलने का फैसला तब लिया, जब उन्हें लगा कि क्रिकेट की व्यस्तताओं के बीच अपने युवा परिवार के साथ समय बिताना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
गुजरात की प्री-सीजन तैयारियों के लिए उपलब्ध रहेंगे हर्षल
हर्षल पटेल से एक और टीम ने संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने पहले यह सुनिश्चित करना चाहा कि गुजरात टीम उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए तैयार है या नहीं। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह गुजरात की प्री-सीजन तैयारियों में शामिल होंगे। इसकी शुरुआत इस महीने के अंत में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज से होगी, जिसमें राज्य की दो अन्य टीमें बड़ौदा और सौराष्ट्र भी भाग लेंगी।


