हिंगे और साकिब के कहर से SRH की धमाकेदार वापसी, राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराया

0

हैदराबाद.  आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने युवा तेज़ गेंदबाज़ प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन की घातक गेंदबाज़ी के दम पर शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स (RR) को 57 रनों से हरा दिया। दोनों गेंदबाज़ों ने मिलकर 8 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रफुल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में तीन बड़े झटके देते हुए वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस को पवेलियन भेज दिया। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी पारी के पहले ओवर में तीन विकेट गिरे।

इसके बाद अगले ही ओवर में साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान को चौथा झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर महज 2 रन था और चार विकेट गिर चुके थे। हिंगे ने अपने अगले ओवर में कप्तान रियान पराग को भी आउट कर दिया, जिससे 9 रन पर ही राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

हालांकि इसके बाद डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी हुई। फरेरा ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि जडेजा ने उनका अच्छा साथ निभाया। लेकिन 15वें ओवर में साकिब ने फरेरा को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद राजस्थान की पारी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। हिंगे ने 4 विकेट लेकर मैच में अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि साकिब ने भी 4 विकेट झटके।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए SRH ने 6 विकेट पर 216 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने शानदार 91 रन की पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासन ने 40 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 28 रन का योगदान दिया। शुरुआत में अभिषेक शर्मा का विकेट जल्दी गिर गया था, लेकिन इसके बाद किशन और ट्रैविस हेड ने टीम को संभाला। बाद में किशन और क्लासन ने टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया। डेथ ओवर्स में रेड्डी और सलील अरोड़ा की तेज़ बल्लेबाज़ी ने स्कोर 200 के पार पहुंचाया।  इस जीत के साथ SRH ने हार के सिलसिले को तोड़ा, जबकि लगातार चार जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here