एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी भोपाल के छोटे तालाब में आयोजित 14वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट सीनियर, जूनियर पुरुष व महिला ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में मेजबान मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण और एक कांस्य पदक सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही मध्यप्रदेश छह स्वर्ण और एक कांस्य सहित कुल सात पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। दिल्ली, हरियाणा और कर्नाटक के खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव मयंक ठाकुर ने बताया कि बुधवार को डी-10 और डी-20 वर्ग के अंतर्गत 2000 मीटर और 500 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कड़ाके की ठंड के बावजूद खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह से पूरे दिन खेलों का माहौल गर्म रहा।
डी-10 के 2000 मीटर जूनियर पुरुष वर्ग में मध्यप्रदेश ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा को रजत और महाराष्ट्र को कांस्य मिला। इसी स्पर्धा के पुरुष वर्ग में भी मध्यप्रदेश ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कर्नाटक को रजत और दिल्ली को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। डी-10 मिक्स इवेंट में मध्यप्रदेश ने स्वर्ण, कर्नाटक ने रजत और चंडीगढ़ ने कांस्य पदक जीता। वहीं एक अन्य डी-10 मिक्स स्पर्धा में मध्यप्रदेश को स्वर्ण, महाराष्ट्र को रजत और पंजाब को कांस्य पदक मिला। डी-20 के 500 मीटर रेस में भी मध्यप्रदेश ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में कर्नाटक ने रजत और हरियाणा ने कांस्य पदक हासिल किया। डी-10 के 500 मीटर पुरुष वर्ग में मध्यप्रदेश को कांस्य पदक मिला, जबकि हरियाणा ने स्वर्ण और कर्नाटक ने रजत पदक जीता।
अतिथियों ने बांटे पुरस्कार
मुकाबलों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सीनियर डीजीपी एवं पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष अजय शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेंद्र सिंह चौहान, एलएनसीटी ग्रुप के अध्यक्ष जय नारायण चौकसे सहित अन्य अतिथियों ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष पीएस बुंदेला और सचिव मयंक ठाकुर भी उपस्थित रहे।

