नई दिल्ली. भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें आधिकारिक चेतावनी जारी करते हुए उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। यह घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुई, जब फील्डिंग के दौरान बरार ने गेंद बल्लेबाज की दिशा में खतरनाक तरीके से फेंकी। इस घटना की शिकायत मैदानी अंपायरों ने मैच रेफरी से की थी। बरार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। आईसीसी ने उन पर कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 के तहत कार्रवाई की। आईसीसी के नियमों के अनुसार, लेवल-1 उल्लंघन के मामलों में खिलाड़ी को आधिकारिक चेतावनी, मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं।


