ICC लागू करने जा रहा है कुछ नए नियम, वनडे में 2 गेंदों से शुरू होगा मैच, एक गेंद से होगा खत्म

0

नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल अगले महीने से कुछ नए नियम लागू करने जा रहा जिसमें वनडे प्रारूप में अब एक ही गेंद से मैच खेला जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने सदस्य देशों को भेजे अपने संदेश में कहा कि नए नियम टेस्ट मैचों में जून से और सफेद गेंद के क्रिकेट में जुलाई में लागू की जाएगी। नए नियम के तहत बाउंड्री लाइन पर कैच साथ ही डीआरएस क्लॉज के अलावा कनसशन रिप्लेसमेंट में भी बदलाव किए जाएंगे।

वनडे मैचों से अब दूसरी गेंद को हटाए जाने की बात हो रही है। मौजूदा समय में वनडे में दो गेंदों का इस्तेमाल एक पारी में किया जाता है, लेकिन संशोधित नियम के मुताबिक अब वनडे की शुरुआत 2 गेंदों से होगी, लेकिन मैच खत्म एक गेंद के साथ होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वनडे क्रिकेट में 1 से 34 ओवर तक दो नई गेंदों का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन 34 ओवर पूरे होने के बाद यानी 35वें ओवर के शुरुआत से पहले गेंदबाजी कर रही टीम 35 से 50 ओलर के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो गेंदों में से एक का चयन करेगी। चुनी गई गेंद का इस्तेमाल मैच के बाकी बचे समय में दोनों छोर पर किया जाएगा (जब तक कि इसे बदलने की जरूरत न हो)।

वनडे में अगर कोई मैच 25 ओवर का या उससे कम का होता है (बारिश होने की स्थिति में) तो इस मैच में सिर्फ एक नई गेंद का इस्तेमाल किया जाएगा। कनकशन नियमों में भी कुछ संशोधन होंगे। खेलने वाली टीमों को मैच शुरू होने से पहले मैच रेफरी को पांच कन्कशन प्रतिस्थापन खिलाड़ियों के नाम देने होंगे। टीमों को एक विकेटकीपर, एक बल्लेबाज, एक सीम गेंदबाज, एक स्पिनर और एक ऑलराउंडर के नाम देने होंगे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने कह कि किसी असाधारण परिस्थिति में जब किसी प्रतिस्थापन खिलाड़ी को चोट लग जाती है और उसे बदलने की आवश्यकता होती है, तो मैच रेफरी स्थिति से निपटेगा और पांच नामित प्रतिस्थापन खिलाड़ियों में से किसी एक को बदलने पर विचार करेगा। इस स्थिति में मौजूदा समान प्रोटोकॉल लागू होंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीमा रेखा कैच और डीआरएस प्रोटोकॉल में नियम में बदलाव के बारे में बाद में सूचित किया जाएगा। मौजूदा नियम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल पर लागू होंगे, जो 11 जून को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुरू होगा। इसके अलावा वनडे के नए नियम की शुरुआत 2 जुलाई से श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच शुरू हो रहे क्रिकेट सीरीज से होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here