2030 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकती है अफ़ग़ानिस्तान की महिला शरणार्थी टीम, ICC ने बनाया रोडमैप

0

– स्पेशल टास्क फ़ोर्स करेगी तैयारी, BCCI, ECB और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया समेत कई बोर्ड करेंगे सहयोग

एडिनबर्ग। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अफ़ग़ानिस्तान की महिला शरणार्थी क्रिकेट टीम को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एडिनबर्ग में आयोजित ICC की वार्षिक बैठक में फैसला लिया गया कि टीम के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि वर्ष 2030 तक उसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उतारा जा सके। ICC ने इसके लिए एक विशेष टास्क फ़ोर्स का पुनर्गठन किया है। इस समिति में BCCI, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB), क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA), ICC के स्वतंत्र निदेशक डॉ. रॉस रिवाज़ और क्रिकेट आयरलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सारा कीन शामिल हैं। टास्क फ़ोर्स खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और दीर्घकालिक विकास की योजना तैयार करेगी। हालांकि, यह टीम अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के बैनर तले नहीं खेलेगी। तालिबान शासन के बाद महिलाओं के खेलों पर लगे प्रतिबंधों के कारण ACB महिला टीम का समर्थन नहीं कर रहा है। ऐसे में ICC इस टीम को किसी अन्य नाम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा का अवसर देने की दिशा में काम कर रहा है।

इन खिलाड़ियों में कई ऐसी क्रिकेटर शामिल हैं जिन्हें वर्ष 2020 में ACB ने केंद्रीय अनुबंध दिया था। लेकिन 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद महिला क्रिकेट की योजनाएं ठप हो गईं। इसके बाद अधिकांश खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया, जबकि कुछ कनाडा और यूनाइटेड किंगडम में जाकर बस गईं। अफ़ग़ानिस्तान महिला शरणार्थी टीम ने जनवरी 2025 में मेलबर्न में पहली बार एक साथ मैच खेला था। इसके बाद टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के दौरान भारत और महिला टी20 विश्व कप 2026 के दौरान इंग्लैंड का दौरा भी किया। इन कार्यक्रमों के लिए ICC, BCCI, ECB, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और Pitch Our Future अभियान के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here