ILT20 2026: शेरफेन रदरफोर्ड का विस्फोटक अंदाज, 18 गेंदों में 51 रन ठोक मुंबई को दिलाई जीत

0

नई दिल्ली : शेरफेन रदरफोर्ड की तूफानी पारी की मदद से एमआई एमिरेट्स ने जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईएलटी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में अबुधाबी नाइट राइडर्स को 36 रन से हराकर इस सत्र की अपनी दूसरी जीत दर्ज की। रदरफोर्ड की 18 गेंदों पर 51 रन और निकोलस पूरन की 33 गेंदों पर नाबाद 42 रन की पारी की मदद से एमआई एमिरेट्स ने चार विकेट पर 207 रन बनाए।

इन दोनों के अलावा मोहम्मद वसीम ने 41 और कुसल परेरा ने 33 रन का योगदान दिया। इसके जवाब में नाइट राइडर्स की टीम सात विकेट पर 171 रन ही बना पाई। उसकी तरफ से अलीशान शराफू और मोईन अली ने 36-36 रन बनाए। एमआई एमिरेट्स की तरफ से फजलहक फारूकी (43 रन देकर दो) और जहूर खान (38 रन देकर दो) ने अहम मौकों पर विकेट लिए, जबकि राशिद खान (चार ओवर में 13 रन देकर एक विकेट) ने नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

एमआई एमिरेट्स ने मुकाबले में आक्रामक अंदाज के साथ की शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई एमिरेट्स ने आक्रामक शुरुआत की। ओपनर कुसल परेरा (23 गेंदों में 33 रन) और मुहम्मद वसीम (37 गेंदों में 41 रन) ने पावरप्ले में ही टीम का स्कोर 57/0 तक पहुंचा दिया। 52 गेंदों में बनी 77 रनों की इस ओपनिंग साझेदारी को तोड़ने के लिए सुनील नरेन की चतुराई काम आई, जिन्होंने नौवें ओवर में परेरा को विकेट के पीछे कैच आउट कराया।

रदरफोर्ड का रौद्र रूप, जेसन होल्डर के ओवर में बरसे रन

आईएलटी20 में अपना डेब्यू कर रहे अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज अब्दुल्ला ताराखेल ने नाइट राइडर्स की वापसी कराई। उन्होंने मुहम्मद वसीम (37 गेंदों में 41 रन) और तजिंदर सिंह (8 गेंदों में 10 रन) को आउट करके एमआई एमिरेट्स का स्कोर 124/3 कर दिया। 17वें ओवर में केवल 1 रन बनने के बाद खेल थोड़ा धीमा हुआ, लेकिन जल्द ही रदरफोर्ड और पूरन ने फिर से तेजी पकड़ ली। उन्होंने 18वें ओवर में 17 रन और 19वें ओवर में भी 17 रन बनाए, जिससे आखिरी ओवर से पहले एमआई एमिरेट्स का स्कोर 177/3 तक पहुंच गया। आखिरी ओवर में रदरफोर्ड ने जेसन होल्डर की जमकर धुनाई की।

62 रन देकर होल्डर के नाम दर्ज हुआ महंगा गेंदबाजी स्पेल

रदरफोर्ड ने नाइट राइडर्स के कप्तान के खिलाफ पहली तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़े। उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन चौथी गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर आए कीरोन पोलार्ड (2 गेंदों में 12 रन) ने भी दो छक्के लगाए। होल्डर ने अपने चार ओवरों में 62 रन देकर 1 विकेट लिया, जिसमें से उनके आखिरी तीन ओवरों में ही 64 रन बन गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here