नई दिल्ली : भारत के पूर्व स्पिनर पीयूष चावला ने 27 रन पर चार विकेट लेकर अपनी शानदार गेंदबाजी का जलवा दिखाया और शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली अबुधाबी नाइट राइडर्स (ANR) को इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) मैच में गल्फ जायंट्स के खिलाफ चार गेंद शेष रहते चार विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ टीम ने सात मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और छह अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई।
गल्फ जायंट्स ने 20 ओवर में बनाए 165 रन
रहमानुल्लाह गुरबाज की 45 गेंद में 72 रन की शानदार पारी के दम पर गल्फ जायंट्स ने गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 को 20 ओवर में सात विकेट पर 165 रन बनाए। हालांकि, अबुधाबी नाइट राइडर्स ने लक्ष्य आसानी से पूरा कर लिया और 19.2 ओवर में छह विकेट खोकर मैच जीत लिया। सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने 39 गेंद में 46 रन और फिल सॉल्ट ने 24 गेंद में 35 रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 44 गेंद में 61 रन की साझेदारी की, जिससे टीम को एक शानदार शुरुआत मिली।
इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड (22 गेंद में 30 रन) और आंद्रे रसेल (13 गेंद में नाबाद 21 रन) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। गल्फ जायंट्स की ओर से तबरेज शम्सी ने तीन, जबकि फ्रेड क्लासेन ने दो विकेट लिए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के जड़े, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका।
जुनून आज भी बरकरार: पीयूष चावला का कमाल
पीयूष चावला ने गल्फ जायंट्स के कप्तान जेम्स विंस (16 रन), मोईन अली (16 रन), अजमतुल्लाह उमरजई (6 रन) और मैथ्यू फोर्ड (0) के महत्वपूर्ण विकेट लिए। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी मिला। पुरस्कार लेने के बाद पीयूष चावला ने कहा, “जब मैंने शुरुआत की थी, तब मैंने कभी नहीं सोचा था कि क्रिकेट मेरा पेशा बनेगा। मैं तो बस इसका लुत्फ उठाता था, लेकिन वह जुनून आज भी बरकरार है।”
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में 24 दिसंबर 1988 को जन्में पीयूष चावला ने कहा, “गुगली फेंकना मेरे लिए हमेशा से स्वाभाविक रहा है। इसलिए वर्तमान में मैं अपना अधिक समय लेग-ब्रेक पर काम करने, अलग-अलग कोण आजमाने और बल्लेबाज के मन में संदेह पैदा करने के लिए ‘साइड-ऑन एक्शन’ पर सुधार करने में लगा रहा हूँ।”


