वैभव सूर्यवंशी की 03 नंबर जर्सी को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज, टूटे बड़े रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने समापन की ओर है। इसके 18 सीजनों तक केवल 7 (एमएस धोनी), 18 (विराट कोहली) और 45 (रोहित शर्मा) नंबर की जर्सियों को ही खास लोकप्रियता मिलती रही है। लेकिन इस 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ‘03’ नंबर को भी उसी प्रतिष्ठित सूची में शामिल कर दिया है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, निडर अंदाज और रिकॉर्डतोड़ छक्कों की बदौलत वैभव न सिर्फ मैदान पर छा गए हैं, बल्कि फैंस के बीच भी बेहद लोकप्रिय हो चुके हैं। हालात यह हैं कि राजस्थान रॉयल्स की सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी अब वैभव सूर्यवंशी के नाम की बन गई है।

राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन वैभव सूर्यवंशी की जर्सी की जबरदस्त मांग देखी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लीग की शुरुआत से लेकर अब तक उन्होंने किसी भी खिलाड़ी की जर्सी की मांग में इतनी तेजी कभी नहीं देखी थी। उसकी जर्सी की बहुत ज्यादा मांग है। हर कोई सिर्फ उसकी जर्सी ही मांग रहा है और यह सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी भी है। हमने ऐसी मांग पहले कभी नहीं देखी।’’

वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार 27 मई की रात न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में 29 गेंदों में 97 रन बनाए। इस दौरान IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वैभव ने पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाज के आगे भी कभी भी आत्मविश्वास की कमी महसूस नहीं की और नॉकआउट मुकाबले के दबाव को अपने खेल पर हावी नहीं होने दिया।

वैभव सूर्यवंशी बड़े नामों से भी घबराते नहीं हैं। बुधवार रात वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस भी शामिल थे। वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों की झड़ी लगा दी। इस तूफानी पारी में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज भी नहीं बच पाए।वैभव सूर्यवंशी की इस पारी में 12 छक्के और पांच चौके शामिल थे। उन्होंने क्रिस गेल के रिकॉर्ड को कहीं कम गेंदों में ही पीछे छोड़ दिया।

वैभव सूर्यवंशी रोहित शर्मा और विराट कोहली के बहुत बड़े प्रशंसक हैं, लेकिन मौजूदा टीम में उनका कोई आदर्श नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंडिया U19 टीम में वैभव सूर्यवंशी के एक साथी खिलाड़ी ने एक बातचीत का जिक्र करते हुए बताया, ‘‘उसका नजरिया एकदम साफ था कि आने वाले वर्षों में इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों के साथ ही वह खेलेगा, जबकि हम सब इस बारे में बातें कर रहे थे कि कोहली और रोहित हमारे आदर्श हैं। उसकी यही सोच उसे सबसे अलग और खास बनाती है।’’

जब इंडिया U19 टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एज-ग्रुप विश्व कप के बाद अपने-अपने घर लौट गए तो वैभव सूर्यवंशी ट्रेनिंग के लिए नागपुर में राजस्थान रॉयल्स की एकेडमी चले गए। उनकी काम करने की लगन उन्हें अपने समकालीनों से अलग बनाती है। राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन ने एक कार्यक्रम में उस समय के हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ हुई एक पुरानी बातचीत का जिक्र किया था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संजू सैमसन ने बताया, ‘‘राहुल सर ने उसे (सूर्यवंशी को) कमरे में बुलाया और मुझसे कहा- ‘संजू, हमें उससे बात करनी है। वह बहुत छोटा बच्चा है, हमें उसे समझाना होगा कि उसे आगे कैसे बढ़ना है।’ तो राहुल सर ने उससे पूछा, ‘वैभव, क्या प्लान है?’ वैभव ने जवाब दिया, ‘कुछ नहीं सर, हम तो खेलेंगे।’ राहुल सर ने फिर पूछा, ‘तुम्हारा गेम प्लान क्या है?’’ उस युवा खिलाड़ी के जवाब से दोनों मुस्कुरा दिए। संजू सैमसन ने मुस्कुराते हुए बताया, ‘‘वैभव ने कहा- अगर हमें पहली गेंद मिली, तो हम पहली ही गेंद को उड़ा देंगे। और उसने ठीक वैसा ही किया।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here