भोपाल। मध्य प्रदेश वाटर स्पोट्र्स अकादमी के रोइंग खिलाड़ियों ने जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अर्जित किए और चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश का परचम लहराया। जगतपुर कटक (ओडिशा) में 14 से 19 नवम्बर, 2017 तक आयोजित 38वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश वाटर स्पोट्र्स अकादमी के रोइंग खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते पदक तालिका में मध्य प्रदेश को तृतीय स्थान हासिल हुआ। चैम्पियनशिप में जूनियर बालक वर्ग के डबल स्कल इवेन्ट में अकादमी के खिलाड़ी मंगल सिंह और नीतेश भारद्वाज की जोड़ी ने 3 मिनिट 25.81 सेकेण्ड में रैस पूर्ण करते हुए मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया।
इसी वर्ग के काॅक्सलेस फोर इवेन्ट में अकादमी के खिलाड़ी सुनील प्रजापति, रोहित सेंधव, विजयपाल सिंह और मानस शर्मा ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मिनिट 11.5 सेकेण्ड के समय में रैस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग के पेयर इवेन्ट में अकादमी के खिलाड़ी गोपाल ठाकुर और योगेश ठाकुर की जोडी ने 3ः38.80 का समय लेकर रजत पदक अर्जित किया। उक्त खिलाड़ियों ने अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री दलबीर सिंह के नेतृत्व में जूनियर नेशनल रोइंग चैम्पियनशिप में भागीदारी की और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया। चैम्पियनशिप में 19 राज्यों के करीब 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

