कोलकाता। भारत और श्रीलंका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स 3 मैच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच रोमांचक तरीके से ड्रॉ रहा। भारत ने पहली पारी में 172 रन और दूसरी पारी में 352 रन बनाए। वहीं श्रीलंका ने पहली पारी में 294 रन और दूसरी पारी में 7 विकेट खोकर 75 रन बनाए। मैच के आखिरी दिन भारत का दमदार प्रदर्शन रहा। जहां कप्तान विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट झटके।
भारत की दूसरी पारी :
भारतीय टीम की दूसरी पारी दमदार रही। कप्तान विराट कोहली ने मैच के आखिरी दिन शतक जड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने 119 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 104 रन बनाए। इससे पहले भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट खोकर 173 रन बनाए। टीम का पहला विकेट शिखर धवन के रूप में गिरा। वो 94 रन बनाकर शनका की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद पांचवें दिन का खेल शुरू हुआ। लोकेश राहुल और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर आए। पांचवें दिन की शुरूआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। लोकेश राहुल 79 रन बनाकर लोकेश राहुल की गेंद पर आउट हुए। वहीं इसके बाद चेतेश्वर पुजारा भी 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें लकमल ने आउट किया। पुजारा के बाद के अजिंक्य रहाणे बल्लेबाजी करने आए। लेकिन वो बिना खाता खोले लकमल की गेंद का शिकार बने। रविन्द्र जडेजा 9 रन बनाकर परेरा की गेंद पर आउट हुए। अश्विन 7 रन बनाकर शनका की गेंद पर आउट हुए। साहा 5 और भुवनेश्वर 8 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका की पहली पारी :
श्रीलंका ने पहली पारी में ऑल आउट होने तक 294 रन बनाए। टीम की इस पारी में लाहिरु थिरिमाने 51 और एंजेलो मैथ्यूज ने 52 रन की शानदार पारी खेली। वहीं रंगना हेरथ ने अंत में बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए। कप्तान चंडीमल 28 और विकेटकीपर बल्लेबाज डिकवेला 35 रन बनाकर आउट हुए।
विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी को सराहा
श्रीलंका के खिलाफ ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम के लिए कुल आठ विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने सोमवार को कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत का फल है। उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। भुवनेश्वर ने कहा कि उन्होंने अपनी फिटनेस को बेहतरीन फॉर्म में लाने के लिए कड़ी मेहनत की है और उसी का फल उन्हें मिल रहा है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव से भुवनेश्वर यह जान पाए हैं कि उन्हें अपने खेल के किस क्षेत्र में सुधार की जरूरत है। उत्तर प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ी भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत की ओर से दूसरी पारी में दिए 231 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी श्रीलंका को 14 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवाने पड़े। उन्होंने इस पारी में कुल चार विकेट लिए। श्रीलंका 74 के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन खराब रोशनी के कारण इस मैच को ड्रॉ कर दिया गया।
भुवनेश्वर ने कहा, “मैंने जब पदार्पण किया था, तो मैं पूरी तरह से स्विंग गेंदबाजी पर निर्भर था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से आपको पता चलता है कि आपको अपनी गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है। मैंने अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की और इसी का फल मुझे मिल रहा है।” भुवनेश्वर ने कहा कि दूसरी पारी में गेंदबाजी करना थोड़ा मुश्किल था, क्योंकि पिच बहुत सूख गई थी। हालांकि, गेंद रिवर्स हो रही थी और इससे उन्हें काफी मदद मिली।
कोहली के इस बयान को भारतीय टीम के आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। कोहली ने कहा कि कुमार अब और भी अधिक तेजी से गेंदबाजी कर रहे हैं। कोहली ने कहा, “उनकी गेंदबाजी में गति आई है। वह जब भी टीम में आते हैं, मौकों का पूरा फायदा उठाते हैं।”

