नई दिल्ली: इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ दो मैचों की यूथ टेस्ट सीरीज खेल रही है। सीरीज के पहले मुकाबले की पहली पारी में भारतीय युवा ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी जबरदस्त बल्लेबाज़ी से टीम को मजबूती प्रदान की। उन्होंने तेज़ और प्रभावशाली पारी खेलते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतक लगाया, जिससे भारतीय टीम को एक मजबूत शुरुआत मिली। उनकी इस प्रदर्शन ने युवा क्रिकेट प्रेमियों और टीम मैनेजमेंट दोनों का दिल जीत लिया।
37 गेंदों में वैभव का विस्फोटक अर्धशतक
वैभव ने पहली पारी में सिर्फ 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक छक्के के साथ पूरा किया। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के 243 रन के जबाव में इंडिया ने लंच तक 2 विकेट पर 184 रन बना लिए थे और अभी भारत इस टीम से 59 रन पीछे थी। वैभव अभी क्रीज पर जमे हुए हैं और उन्होंने 72 गेंदों पर 6 छक्के और 6 चौकों की मदद से 87 रन बना लिए हैं जबकि वेदान्त त्रिवेदी भी 58 रन बनाकर नाबाद हैं।
आयुष महात्रे का बल्ले से योगदान, 21 रनों की पारी
भारत के लिए पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष महात्रे ने की थी और दोनों के बीच पहली पारी में पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी हुई, लेकिन फिर आयुष आउट हो गए। उन्होंने 15 गेंदों पर 4 चौकों के साथ 21 रन की तेज पारी खेली जबकि तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए विहान मलहोत्रा सिर्फ 6 रन के स्कोर पर ही आउट हो गए। .
दीपेश देवेंद्रन की शानदार गेंदबाज़ी, 5 विकेट लिए
इस मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम 243 रन पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई पक्ष की ओर से स्टीवन होगन ने सबसे अधिक 92 रन बनाए, जो उनकी टीम के लिए शानदार योगदान था। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जबकि किशन कुमार ने 3 विकेट लिए। इसके अलावा, खिलान पटेल और अनमोलजीत सिंह ने भी एक-एक विकेट लेकर भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।


