IND U19 vs AUS U19: वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया में दिखाया जलवा, यूथ टेस्ट में ठोका शानदार दूसरा शतक

0

नई दिल्ली: इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ पहले यूथ टेस्ट मैच की पहली पारी में शानदार प्रदर्शन किया और शतक जमाया। यह वैभव का यूथ टेस्ट करियर में दूसरा शतक है, साथ ही ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ भी उनका यह दूसरा शतक साबित हुआ। खास बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले गए यूथ टेस्ट मैच में भी यह उनका दूसरा शतक है, जो उनकी निरंतरता और प्रतिभा को दर्शाता है।

78 गेंदों पर वैभव का विस्फोटक शतक

14 साल के वैभव ने पहली पारी में सिर्फ 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक छक्के के साथ पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद भी उनका तूफानी अंदाज जारी रहा और उन्होंने अपना शतक सिर्फ 78 गेंदों पर पूरा कर लिया। उन्होंने अपना शतक पहले छक्का और फिर चौके के साथ पूरा किया। इस सीजन के यूथ टेस्ट में ये उनका पहला शतक रहा। इससे पहले वो इंग्लैंड दौरे पर यूथ टेस्ट सीरीज के दौरान कोई भी शतक नहीं लगा पाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होने ये कमाल कर दिया।

वैभव ने पहली पारी में 86 गेंदों पर 8 छक्के और 9 चौकों की मदद से 113 रन की पारी खेली। भारत के लिए पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष महात्रे ने की थी और दोनों के बीच पहली पारी में पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी हुई, लेकिन फिर आयुष आउट हो गए। उन्होंने 15 गेंदों पर 4 चौकों के साथ 21 रन की तेज पारी खेली जबकि तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आए विहान मलहोत्रा सिर्फ 6 रन के स्कोर पर ही आउट हो गए।

इस मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन पूरी टीम 243 रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में स्टीवन होगन ने सबसे अधिक 92 रन बनाए, जबकि भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। इसके अलावा किशन कुमार ने 3 विकेट लिए, वहीं खिलान पटेल और अनमोलजीत सिंह ने एक-एक विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here