नई दिल्ली : भारत अंडर-19 टीम ने श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करते हुए अन्वय द्रविड़ को अंतिम एकादश से बाहर रखा। मुकाबले में श्रीलंका अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया। तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में भारत ने पहला मुकाबला अपने नाम किया था, जबकि दूसरे मैच में श्रीलंका ने जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। ऐसे में तीसरा मुकाबला सीरीज का निर्णायक मैच बन गया है।
अन्वय द्रविड़ को तीसरे वनडे से किया गया बाहर
तीसरे वनडे में भारत अंडर-19 की ओर से पारी की शुरुआत कप्तान यशवर्धन चौहान और रजत बघेल ने की। रजत को अन्वय द्रविड़ की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है और वह विकेटकीपर की भूमिका भी निभा रहे हैं। मध्यक्रम में वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, लक्ष्य रायचंदानी और अर्जुन राजपूत बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। गेंदबाजी आक्रमण में मोहित उलवा, अनमोलजीत सिंह, रोहित यादव और ईशान सूद शामिल हैं, जबकि शाविन विनोद ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। उल्लेखनीय है कि अन्वय ने इस सीरीज के पहले दो मैचों में एक अर्धशतक की मदद से कुल 101 रन बनाए थे।
इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत अंडर-19 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका अंडर-19 को 4 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए, लेकिन भारतीय टीम ने लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए 49.2 ओवर में 6 विकेट पर 324 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं दूसरे वनडे में भारत 47.2 ओवर में 285 रन पर सिमट गया। जवाब में श्रीलंका ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 48 ओवर में केवल 2 विकेट गंवाकर 291 रन बनाए और मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी।
तीसरे वनडे के लिए इंडिया अंडर 19 की प्लेइंग इलेवन
यशवर्धन चौहान (कप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, लक्ष्य रायचंदानी, अर्जुन राजपूत, शाविन विनोद, मोहित उलवा, अनमोलजीत सिंह, रोहित यादव, ईशान सूद।
तीसरे वनडे के लिए श्रीलंका अंडर 19 की प्लेइंग इलेवन
दिमंथा महाविथाना, रेहान पेइरिस, सेनुजा वेकुनागोडा, विमथ दिनसारा (कप्तान), कविजा गमागे, चमिका हेनातिगाला, जेसन फर्नांडो (विकेटकीपर), किथमा विथानापतिराना, सेठमिका सेनेविरत्ने, गिम्हान मेंडिस, लाथेंद्र आकाश।


