Ishan Kishan का धमाका, 125 रन की पारी खेल खास भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में हुए शामिल

0

नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान की टीम के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में अफगानिस्तान टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। भारतीय वनडे टीम में लंबे समय के बाद वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का पहले मैच में उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था, लेकिन दूसरे वनडे मुकाबले में उन्होंने अपने बल्ले का कमाल दिखाते हुए शतकीय पारी खेलने के साथ अपने हजार रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसी के साथ ईशान किशन वनडे में सबसे कम गेंदों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

टीम इंडिया की वनडे टीम से पिछले काफी लंबे समय से बाहर चल रहे ईशान किशन को टी20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन के बाद लगभग तीन साल के बाद वनडे में मुकाबला खेलने का मौका मिला। धर्मशाला में खेले गए इस सीरीज के पहले मुकाबले में ईशान सिर्फ 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे, लेकिन लखनऊ में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे वनडे मैच में वह अपने बल्ले का कमाल दिखाने में कामयाब रहे। ईशान किशन ने इस मैच में वनडे में अपने एक हजार रनों का आंकड़ा पूरा कर लिया जिसके साथ ही वह इस मुकाम तक सबसे कम गेंदों में पहुंचने वाले छठे सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी हैं। भारत की तरफ से वनडे में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड हार्दिक पांड्या के नाम पर है जिन्होंने सिर्फ 857 गेंदों में वनडे में अपने हजार रन पूरे किए थे।

वनडे में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन पूरे करने वाले भारतीय खिलाड़ी
  • हार्दिक पांड्या – 857 गेंद
  • केदार जाधव – 936 गेंद
  • कपिल देव – 954 गेंद
  • शुभमन गिल – 954 गेंद
  • एमएस धोनी – 955 गेंद
  • ईशान किशन – 966 गेंद

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में ईशान किशन ने सिर्फ 71 गेंदों में अपना शतक पूरा करने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। ईशान किशन अब वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर ईयोन मोर्गन का नाम है जिन्होंने 57 गेंदों में अपनी शतकीय पारी पूरी की थी। वहीं दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है जो साल 2023 में 63 गेंदों में शतक लगाने में कामयाब हुए थे तो वहीं अब ईशान किशन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। ईशान किशन के ये वनडे करियर का तीसरा शतक है।

वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले खिलाड़ी
  • इयोन मोर्गन (इंग्लैंड) – 57 गेंदें (मैनचेस्टर साल 2019)
  • रोहित शर्मा (भारत) – 63 गेंदें (दिल्ली, साल 2023)
  • ईशान किशन (भारत) – 71 गेंदें (लखनऊ, साल 2026)
  • ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) – 76 गेंदें (साल 2023, मुंबई)
  • शुभमन गिल – 77 गेंदें (साल 2026, लखनऊ)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here