नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार, 17 जून को लखनऊ के Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Ekana Cricket Stadium में खेला जाएगा। धर्मशाला में पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम पहले ही सीरीज में बढ़त बना चुकी है और अब कप्तान Shubman Gill की अगुवाई में टीम इंडिया की नजरें लखनऊ में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि जीत के साथ भारत सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर लेगा। मैच से पहले फैंस की दिलचस्पी इस बात में भी है कि इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम का वनडे रिकॉर्ड कैसा रहा है और क्या यहां भी टीम अपना दबदबा कायम रख पाएगी।
शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया के पास इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने का सुनहरा मौका होगा। हालांकि, मुकाबले से पहले चर्चा लखनऊ के इकाना स्टेडियम की भी हो रही है, जहां भारतीय टीम ने अब तक बहुत कम ODI मैच खेले हैं, लेकिन यहां की कुछ यादें बेहद खास रही हैं।
पहले ODI में अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज के विस्फोटक शतक की मदद से मजबूत स्कोर खड़ा किया था। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया और सात विकेट से जीत हासिल की। कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतक जमाकर जीत दिलाई थी। अब दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों से भी बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी।
अगर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत के ODI रिकॉर्ड की बात करें तो टीम इंडिया ने यहां अब तक दो मुकाबले खेले हैं। इनमें एक मैच में जीत मिली है, जबकि एक बार हार का सामना करना पड़ा है। भारत का इस मैदान पर हाईएस्ट स्कोर 240/8 रहा है, जो उसने अक्टूबर 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 40 ओवर के मुकाबले में बनाया था। वहीं सबसे कम स्कोर 229/9 का रहा, जो 2023 ODI वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ बना था।
दिलचस्प बात यह है कि इसी मैच में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर यादगार जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 101 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेली थी, जो आज भी इकाना में किसी भारतीय बल्लेबाज का हाईएस्ट ODI स्कोर है। रोहित के नाम इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन और सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी औसत का रिकॉर्ड भी दर्ज है। रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन तीनों के नाम इकाना स्टेडियम में एक-एक अर्धशतक दर्ज है।
अगर गेंदबाजी की बात करें तो Mohammed Shami का प्रदर्शन इस मैदान पर सबसे ज्यादा प्रभावशाली रहा है। अनुभवी तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में सिर्फ 7 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके थे, जो इकाना स्टेडियम में किसी भी भारतीय गेंदबाज का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शमी की सटीक लाइन-लेंथ और नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता ने कई बार टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई है। खास बात यह है कि इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी शमी के नाम दर्ज है, जिससे साफ है कि लखनऊ की पिच उन्हें काफी रास आती है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में भी उनसे एक बार फिर बड़ी उम्मीदें रहेंगी।


