नई दिल्ली : भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच सीरीज शुरू होने में अब कुछ ही समय बचा है। भारतीय टीम लंबे समय बाद इंटरनेशनल मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी। पहले यह टीम टेस्ट मैच में सफेद जर्सी में नजर आएगी, जबकि उसके बाद वनडे प्रारूप में अपनी पारंपरिक नीली ड्रेस में दिखाई देगी। इस बीच दर्शकों के लिए यह जानना जरूरी है कि दोनों टीमों के बीच होने वाला एकमात्र टेस्ट मैच किस चैनल पर प्रसारित होगा और इसे टीवी व मोबाइल पर कैसे देखा जा सकता है। कहीं कोई गलती न हो जाए, इसलिए फैंस को पहले से पूरी जानकारी होना बेहद जरूरी है।
न्यू चंडीगढ़ में 6 जून से टेस्ट क्रिकेट का रोमांच
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारत आ रही है। पहले एक टेस्ट मैच खेला जाएगा, इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। हालांकि टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा। टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होने जा रहा है, इस दिन शनिवार होगा। ये मैच न्यू चंडीगढ़ के मल्लांपुर में खेला जाएगा। जल्द ही टीम इंडिया का यहां पर अपना कैप शुरू हो जाएगा। टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल करते हुए नजर आएंगे। बीसीसीआई की ओर से पहले टीम का ऐलान कर दिया गया है।
टेस्ट मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा प्रसारित
इस मैच को लाइव देखने की बात है तो इस सीरीज के टेलीकास्ट राइट्स स्टार नेटवर्क के पास हैं। अगर आप टीवी पर मैच देखना चाहते हैं तो उसके लिए आपको स्टार स्पोर्ट्स पर जाना होगा, वहीं अगर आप मोबाइल पर मैच देखना चाहते हैं तो उसके लिए आपाको जियो हॉट स्टार पर जाना होगा। अगर आपके पास स्मार्ट टीवी है तो आप उसमें भी जियो हॉट स्टार पर मैच लाइव देख पाएंगे। अभी कुछ ही दिन पहले तक जो भारतीय खिलाड़ी अलग अलग टीमों से खेल रहे थे, वे अब एक साथ खेलते हुए दिखाई देंगे, इसका इंतजार किया जा रहा है।
भारत-अफगानिस्तान टेस्ट सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा
मैच की शुरुआत सुबह साढ़े नौ बजे से होगी, जबकि उससे लगभग आधे घंटे पहले यानी नौ बजे टॉस किया जाएगा। फिलहाल लंच और टी ब्रेक के समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जैसे ही इसकी पुष्टि होगी, अपडेट उपलब्ध करा दिया जाएगा। यह मुकाबला शाम करीब पांच बजे तक चल सकता है। अगर पूरा पांच दिन का खेल होता है, तो यह टेस्ट मैच 10 जून तक जारी रह सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दोनों टीमें इस टेस्ट में कैसा प्रदर्शन करती हैं।
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेट-कीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेट-कीपर)
अफ़गानिस्तान की एक टेस्ट टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह ज़दरान, अफ़सर ज़ज़ई, इकराम अलीखिल, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफ़ुदीन अशरफ़, नांग्याल खारोताई, क़ैस अहमद, बिलाल सामी, ज़िया शरीफ़ी, सलीम सफ़ी


