नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर 2026 से होगा। सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन की फिटनेस ने भारतीय टीम की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को अभ्यास सत्र के दौरान इशान पीठ में दर्द से परेशान नजर आए। ऐसे में अगर वह पहले टी20 के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं, तो राजस्थान रॉयल्स के पूर्व साथी वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को पहली बार एक साथ मैदान पर उतरने का मौका मिल सकता है।
बता दें कि इशान टीम के नेट सेशन के दौरान पीठ में खिंचाव के कारण असहज नजर आए, जिससे अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। किशन तेज गेंदबाजों के नेट में बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान नवदीप सैनी ने शरीर को निशाना बनाकर शॉर्ट गेंद डाली। बाएं हाथ के बल्लेबाज इशान किशन ने उछाल लेती गेंद से बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनकी पीठ में खिंचाव आ गया।
पीठ के दर्द ने बढ़ाई चिंता, इशान किशन के खेलने पर संशय
इशान किशन को इसके बाद दर्द से परेशान देखते ही टीम के निवर्तमान फिजियो कमलेश जैन उनकी मदद के लिए पहुंचे। किशन कुछ मिनट तक घुटनों के बल बैठे रहे और फिर धीरे-धीरे नेट से बाहर चले गए। बाद में वह कमर के पिछले हिस्से को पकड़े नजर आए और दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे। अब उनके पहले टी20 में खेलने पर इसके बद संशय भी बना हुआ है। अगर इशान नहीं खेले तो संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा नंबर 3 पर खेल सकते हैं।
आपको बता दें कि वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन इससे पहले कभी एक साथ नहीं खेले हैं। इंग्लैंड दौरे पर दूसरे टी20 के बाद संजू को टीम से बाहर कर वैभव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका दिया गया था। हालांकि, तीन पारियों में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहने के बाद वैभव को बाहर कर आखिरी मुकाबले में संजू को मौका दिया गया। इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली, जबकि वैभव सूर्यवंशी लगातार खेलते नजर आए। अब अगर इशान किशन पहले टी20 से बाहर रहते हैं, तो वैभव और संजू को पहली बार एक साथ मैदान पर खेलते देखा जा सकता है।
इशान किशन के बिना कैसी हो सकती भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी/वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।


