नई दिल्ली : चीन में खेले जा हे एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया ने शानदार हैट्रिक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किए। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को कोई मौका नहीं दिया और खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। अब फाइनल में भारत का सामना चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
इस मुकाबले की बात करें तो भारत और दक्षिण कोरिया दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की लेकिन भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल पर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले । भारत को 17वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने गोल करके बढत दुगुनी कर दी।
भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाए रखा और 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आई गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया। इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। भारत को 33वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को सुप्रिया ने गोल में बदला।
दक्षिण कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-4 कर दिया, लेकिन यह प्रयास टीम को वापसी नहीं दिला सका। कोरियाई टीम की ओर से यह एकमात्र गोल रहा। इसके बाद भारत ने आखिरी क्वार्टर में शानदार डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई हमलों को लगातार नाकाम किया। भारत की ओर से पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किया और अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए टीम की जीत को और मजबूत कर दिया।
फाइनल तक भारत का सफर कैसा रहा?
भारत ने सेमीफाइनल से पहले अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। इससे पहले भारतीय टीम ने मेजबान चीन के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला था। वहीं, जापान को 7-0, मलेशिया को 11-1 और दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर भारत ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की थी। इस तरह सेमीफाइनल तक भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा और उसने लगातार दमदार खेल के साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की की।


