नई दिल्ली: भारतीय अंडर-19 टीम के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत 21 सितंबर से होगी, जिसमें टीम इंडिया तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज़ मेज़बान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। इस दौरे के लिए बीसीसीआई द्वारा पहले ही टीम की घोषणा की जा चुकी है। युवा टीम के इस विदेशी अभियान में फैंस की नजरें एक बार फिर बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। वैभव ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था और उनकी लय को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वह ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर भी अपने बल्ले से जलवा बिखेरेंगे।
यूथ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिस्बेन में होगा आयोजित
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच यूथ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल मैदान पर खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे के हाथों में होगी, जो पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ आरएस अंबरीश और विहान मल्होत्रा पर भी सबकी निगाहें होंगी, जिन्होंने इंग्लैंड दौरे पर अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की कमान 18 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज साइमन बज संभालेंगे, जो घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। यह मुकाबला युवा प्रतिभाओं के लिए खुद को साबित करने का एक सुनहरा अवसर होगा।
पहले यूथ वनडे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग यहां देखें
तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के लाइव टेलीकास्ट को लेकर बात की जाए तो भारतीय फैंस इसका सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जिसमें मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे हो जाएगी, जिसमें टॉस सुबह 9:30 बजे होगा। वहीं इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार की एप पर की जाएगी जहां फैंस लॉगिन कर मैच देख सकते हैं।
यूथ वनडे सीरीज के लिए यहां पर देखिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत – आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आर एस अंबरीश, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार, अनमोलजीत सिंह, खिलान पटेल, उधव मोहन, अमन चौहान।
रिजर्व खिलाड़ी – युधाजीत गुहा, लक्ष्मण, बी.के. किशोर, अलंकृत रापोल, अर्नव बुग्गा।
ऑस्ट्रेलिया – साइमन बज, एलेक्स टर्नर, स्टीव होगन, विल मालजचुक, यश देशमुख, टॉम होगन, आर्यन शर्मा, जॉन जेम्स, हेडन शिलर, चार्ल्स लैचमंड, बेन गॉर्डन, विल बायरोम, केसी बार्टन, एलेक्स ली यंग, जेडन ड्रेपर।
रिजर्व खिलाड़ी – जेड हॉलिक, टॉम पैडिंगटन, जूलियन ओसबोर्न।


