नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम और इंग्लैंड महिला टीम के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की थी। वहीं इसके बाद तीसरे मैच में इंग्लैंड की टीम ने पांच रनों से जीत दर्ज की। भारतीय टीम अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। अब दोनों टीमों के बीच 9 जुलाई को चौथा मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले ही चोटिल होने की वजह से ही इंग्लैंड की नियमित कप्तान नेट सेवियर ब्रंट बाहर हो गई हैं। नेट सेवियर ब्रंट को कमर में चोट लग गई थी। इसी वजह से वह तीसरे टी20 मैच में भी नहीं खेल पाई थीं। स्कैन के बाद पता चला है कि वह पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो गई हैं। अब उनकी जगह टैमी ब्यूमोंट कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगी। अब इंग्लैंड महिला टीम की स्क्वाड में माइया बाउचियर को शामिल किया गया है। इस बात की उम्मीद की जा रही है कि सेवियर ब्रंट वनडे सीरीज में चयन के लिए उपलब्ध हो सकती हैं।
माइया बाउचियर के पास अनुभव है और वह तेजी के साथ रन बनाने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अभी तक इंग्लैंड के लिए 44 T20I मैचों में कुल 722 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से तीन अर्धशतक अर्धशतक निकले हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 91 रन रहा है। इंग्लैंड की टीम के लिए वह 2 टेस्ट में 129 रन और 17 वनडे मैचों में 482 रन भी बना चुकी हैं। अब चौथे वनडे मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में भी जगह मिलने की उम्मीद है। तीसरे टी20 मैच में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए थे। तब इंग्लैंड के लिए सोफिया डंकले और डैनी ब्याट ने अर्धशतक लगाए। इसके बाद भारत के पास इस मैच में जीतने का सुनहरा मौका था। भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना ने 56 रनों की पारी खेली। वहीं शेफाली वर्मा ने 47 रनों का योगदान दिया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की थी। फिर भारत को आखिरी ओवर में 12 रनों की जरूरत थी। इस ओवर में भारत की तरफ से सिर्फ 6 रन बने। आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए 6 रनों की आवश्यकता थी और इस गेंद पर हरमनप्रीत कौर आउट हो गईं।


