नई दिल्ली: चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया और इंग्लैंड के खिलाफ हार की कगार से उबरते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया। शुभमन गिल, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर की साहसिक बल्लेबाज़ी ने भारत को संकट से बाहर निकाला। मैच की स्थिति बेहद नाजुक थी और ऐसा लग रहा था कि भारत हार सकता है, लेकिन बल्लेबाज़ों ने मोर्चा संभालते हुए मुकाबला बराबरी पर ला दिया। हालांकि यह टेस्ट मैच ड्रॉ रहा, फिर भी भारत पांच मैचों की सीरीज़ में 1-2 से पीछे है।
अब आखिरी और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से ओवल, लंदन में खेला जाएगा, जहां भारत के पास सीरीज को 2-2 से बराबर करने का सुनहरा मौका रहेगा। ओवल टेस्ट के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव संभव हैं। पहले से बाहर चल रहे पंत और बुमराह की जगह अब युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है, जिनमें ध्रुव जुरेल, आकाशदीप और अर्शदीप शामिल हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट निर्णायक टेस्ट के लिए किन 11 खिलाड़ियों पर भरोसा जताता है।
ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में जुरेल को मिलेगा जिम्मा?
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को चौथे टेस्ट के दौरान चोट लग गई थी, और उनकी फिटनेस को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि वह पांचवें टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ध्रुव जुरेल को अंतिम टेस्ट में मौका दे सकता है। जुरेल ने घरेलू क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन किया है और इस बड़े मुकाबले में उन्हें खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर मिल सकता है। वहीं वर्कलोड मैनेज करने के लिए जसप्रीत बुमराह का भी आखिरी टेस्ट मैच में खेलना संभव नहीं है। बुमराह 5 में से 3 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और उन्हें आखिरी मैच में आराम दिया जा सकता है।
वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह को दिया जा सकता है ब्रेक
पांचवें टेस्ट मैच से जसप्रीत बुमराह के अलावा अंशुल कंबोज को भी बाहर बैठाया जा सकता है। चौथे टेस्ट में अंशुल न तो लय में दिखे और न ही उनकी रफ्तार प्रभावी रही। इसके अलावा मैच के दौरान उन्हें फिटनेस से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा, जिस वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें रेस्ट दे सकता है। बुमराह और अंशुल के टीम से बाहर होने की स्थिति में प्लेइंग इलेवन में आकाशदीप की वापसी हो सकती है जो अनफिट होने की वजह से चौथे मैच में नहीं खेले थे। अब आकाशदीप ने गेंदबाजी शुरू कर दी है।
अर्शदीप के डेब्यू की अटकलें तेज
पांचवें टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है, जो अब तक अपने टेस्ट डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। बुमराह और कंबोज की संभावित अनुपस्थिति में अर्शदीप एक बेहतर तेज गेंदबाजी विकल्प बन सकते हैं। अर्शदीप चौथे टेस्ट से पहले प्रैक्टिस के दौरान हाथ में कट खा बैठे थे और उन्हें टांके भी लगे थे, लेकिन अब वो भी गेंदबाजी कर रहे हैं। चौथे टेस्ट मैच में शार्दुल ठाकुर से ज्यादा गेंदबाजी नहीं कराई गई और बल्लेबाजी में भी वो औसत रहे ऐसे में उनकी जगह 5वें टेस्ट मैच में उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है।
शार्दुल की जगह कुलदीप या करुण में से कौन
शार्दुल ठाकुर के स्थान पर भारतीय टीम एक विशेषज्ञ बल्लेबाज़ को मौका देने पर विचार कर सकती है। यदि ऐसा होता है, तो करुण नायर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। करुण का अनुभव और तकनीकी कुशलता मध्यक्रम को स्थिरता प्रदान कर सकती है। यानी शार्दुल ठाकुर की जगह या तो स्पिनर कुलदीप यादव या फिर बल्लेबाज करुण नायर को मौका मिल सकता है। वैसे ये देखना दिलचस्प होगा कि टीम एक बल्लेबाज के साथ जाती है या फिर एक गेंदबाज के साथ मैदान पर उतरती है।
पांचवें टेस्ट मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव/करुण नायर, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह।

