ग्वालियर में 5 अगस्त से शुरू होगी प्रो पंजा लीग, एमपी की अपनी टीम पहली बार मैदान में उतरेगी
(NST News) भोपाल. प्रो पंजा लीग सीज़न 2 की शुरुआत 5 अगस्त से ग्वालियर में हो रही है और इस बार खास बात ये है कि मध्य प्रदेश को अपनी खुद की टीम ‘एमपी हथौड़े’ के रूप में मैदान में उतारने का मौका मिल रहा है। यह टीम राज्य के दमदार आर्म रेसलर्स के साथ लीग में उतर रही है और पूरे 17 दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में हिस्सा लेगी। टीम की अगुवाई त्रिदेप मेधी करेंगे, जबकि पैरा एथलीट मनीष कुमार और भोपाल की आत्मविश्वासी खिलाड़ी फरीन देहलवी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा होंगे। ग्वालियर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सचिन गोयल भी टीम के प्रचार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परविंद डबास ने एमपी हथौड़े को मध्य प्रदेश की असली ताकत और जज़्बे का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि यह फ्रैंचाइज़ी सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि प्रदेश की भावना और संस्कृति को सामने लाने का माध्यम है। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रभाल प्रताप सिंह तोमर ने भी इस टीम को पूरे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। ‘एमपी हथौड़े’ सिर्फ ताकत ही नहीं, बल्कि राज्य की विविधता, संस्कृति और संघर्षशीलता को भी दर्शाएगी। लीग के सभी मुकाबले सोनी टेन 3 और फैनकोड पर लाइव देखे जा सकेंगे।


