IND vs ENG: यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने तोड़ दिया 39 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो गया है, जिसमें दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टीम इंडिया की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने संभलकर बल्लेबाजी करने के साथ 39 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, जिसमें अब दोनों के नाम लीड्स के मैदान पर भारतीय ओपनिंग जोड़ी के तौर पर पहले विकेट के लिए सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी करने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

सुनील गावस्कर और के श्रीकांत के नाम पर ये रिकॉर्ड

लीड्स के मैदान पर इस मुकाबले से पहले भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों की ओपनिंग साझेदारी करने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर और के श्रीकांत के नाम पर था। दोनों ने साल 1986 में यहां पर खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच मुकाबले में पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की थी। वहीं अब यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने इस 39 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के साथ नया कीर्तिमान रच दिया है। वहीं लीड्स में साल 2013 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टेस्ट मुकाबले में मेहमान टीम की ओपनिंग जोड़ी 50 से अधिक रनों की साझेदारी करने में कामयाब हो सकी है। इससे पहले साल 2013 में पीटर फुल्टन और हामिश रदरफोर्ड की जोड़ी ने इस मैदान पर 50 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी।

दूसरी बार की 50 प्लस रनों की ओपनिंग साझेदारी

केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के बीच टेस्ट क्रिकेट में दूसरी बार 50 प्लस रनों की पार्टनरशिप देखने को मिली है। इससे पहले दोनों के बीच नवंबर 2024 में खेले गए पर्थ के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच मुकाबले में पहले विकेट के लिए 201 रनों की साझेदारी हुई थी। यशस्वी जायसवाल जहां पहली बार इंग्लैंड में कोई इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं तो वहीं केएल राहुल को वहां पर खेलने का अनुभव हासिल है, ऐसे में इस ओपनिंग जोड़ी का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए सीरीज में काफी अहम रहने वाला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here