नई दिल्ली : आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी टीम इंडिया ने अपने नाम कर ली है। फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देकर छठी बार खिताब जीतने का गौरव हासिल किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि कप्तान आयुष ने 53 रनों का अहम योगदान दिया। अंतिम ओवरों में भी भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे, जिससे टीम इतने बड़े स्कोर तक पहुंच सकी। अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों पर 40 रन बनाए, वहीं कनिष्क चौहान ने आखिर में आकर सिर्फ 20 गेंदों में 37 रन ठोक दिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की अंडर-19 टीम 40.2 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और उसे 100 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय गेंदबाजी में आरएस अंबरीश ने 3 विकेट झटके, जबकि दीपेश और कनिष्क को 2-2 सफलताएं मिलीं। इस शानदार जीत के साथ भारत ने एक बार फिर अंडर-19 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर दी।
भारतीय अंडर-19 टीम ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में इसी के साथ छठी बार ट्रॉफी को अपने नाम किया है, जिसमें उससे अधिक अब तक कोई भी दूसरी टीम इस टाइटल को जीतने में कामयाब नहीं हो सकी है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम है जिन्होंने चार बार ट्रॉफी जीती है।
टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने 80 गेंदों में 175 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के साथ इस मैच को पूरी तरह से एकतरफा करने में अहम भूमिका अदा की। वैभव ने अपनी इस पारी के दम पर कई नए कीर्तिमान भी बनाने का काम किया।
भारत की अंडर 19 टीम: एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह
इंग्लैंड की U19 टीम: बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूरेस, बेन मेयस, थॉमस रीव (विकेटकीपर/कप्तान), कालेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, इसाक मोहम्मद, ल्यूक हैंड्स, विल बेनिसन, अली फारूक।


