नई दिल्ली : श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को जापान के खिलाफ 2 रनों से जीत मिली. जापान को अंतिम गेंद पर जीत के लिए चार रनों की दरकार थी. लेकिन अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी. 33 रनों का पीछा करते हुए जापान की टीम 3 विकेट खोकर 30 रन ही बना सकी. जापान के साणो में खेले टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने एक ऐसा प्रदर्शन किया जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की होगी. बारिश के कारण 5 ओवर के किए गए इस छोटे मैच में भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और निर्धारित 5 ओवरों में 4 विकेट खोकर सिर्फ 32 रन ही बना सकी.
मैच की पहली ही गेंद से जापान के गेंदबाजों ने कमाल का अनुशासन दिखाया और भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया. पारी की शुरुआत बेहद खराब रही. चार्ली हारा हिंजे ने खतरनाक ओपनर अभिषेक शर्मा को शोमा सुगाया के हाथों कैच करा दिया. अभिषेक अपना खाता भी नहीं खोल पाए. अभी टीम इस झटके से संभली भी नहीं थी कि दूसरे ओवर में संजू सैमसन भी पवेलियन लौट गए. उन्हें इब्राहिम ताकाहाशी की गेंद पर बेंजामिन ने कैच किया. संजू 7 गेंदों पर सिर्फ 9 रन (1 चौका) बना सके. इसके बाद भी मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही थीं. तीसरे ओवर में बेंजामिन इतो डेविस ने ईशान किशन को माकोतो के हाथों कैच आउट करा दिया. ईशान सिर्फ 3 रन बना सके.
भारत का स्कोर रहा 32 रन
एक छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी था तो दूसरी तरफ कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्रीज पर टिककर थोड़ा संघर्ष किया. उन्होंने 12 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली, लेकिन पांचवें और आखिरी ओवर में वह भी आउट हो गए. भारतीय टीम 5 ओवर के कोटे में बमुश्किल 4 विकेट खोकर 32 रन ही बना पाई.
भारत का रिकॉर्ड बरकरार
भारत ने अब तक जिन 20 टीमों के खिलाफ पहली बार मुकाबला खेला, उनमें से 17 को हराया है. जापान की टीम भी अब हारने वाली टीमों की लिस्ट में शामिल हो गई है. भारत को सिर्फ न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज से हार मिली थी. जबकि स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच बेनतीजा रहा.
टी20 इंटरनेशनल में भारत की 200वीं जीत
भारत टी20 इंटरनेशनल में 200 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है. जापान के खिलाफ सानो में 2 रनों से जीत के साथ भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. इस आंकड़े में सुपर ओवर में मिली जीत भी शामिल हैं. भारत की टी20 इंटरनेशनल में पहली जीत 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में आई थी. इसके बाद टीम ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 50वीं, 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 100वीं और 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 150वीं जीत पूरी की.
भारत की 200 टी20I जीत का सफर
– पहली जीत: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, जोहानिसबर्ग, 2006- 6 विकेट से
– 50वीं जीत: श्रीलंका के खिलाफ, कोलंबो, 2017- 7 विकेट से
– 100वीं जीत: वेस्टइंडीज के खिलाफ, कोलकाता, 2022- 8 रन से
– 150वीं जीत: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, ग्रोस आइलेट, 2024- 24 रन से
– 200वीं जीत: जापान के खिलाफ, सानो, 2026- 2 रन से
- भारत (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह.
- जापान (प्लेइंग इलेवन): लाचलान यामामोटो-लेक, रेओ सकुरानो-थॉमस, केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो-डेविस, वतारू मियाउची, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर (विकेटकीपर), चार्ली हारा-हिंज, इब्राहिम ताकाहाशी, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, मकोतो तानियामा, शोमा सुगाया-स्लेटर.


