26 नवंबर: क्रिकेट के मैदान पर रोमांच और नागपुर में दर्दनाक हादसे की याद

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट इतिहास में 26 नवंबर की तारीख कई यादगार और उतार-चढ़ाव भरी घटनाओं की गवाह रही है। इस दिन दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय सरजमीं पर 25 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा था। वहीं, साल 2011 में इसी तारीख को टीम इंडिया जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और महज दो रन से मुकाबला गंवा दिया। इन घटनाओं ने 26 नवंबर को भारतीय क्रिकेट इतिहास के खास दिनों में शामिल कर दिया।

मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए उस टेस्ट मैच का नतीजा टाई रहा था। इसी तारीख को इंग्लैंड ने भारत को उसके घर में करारी शिकस्त दी। 26 नवंबर का क्रिकेट इतिहास सिर्फ जीत और हार तक सीमित नहीं। इसी दिन नागपुर में वनडे मैच के दौरान हुए हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी। 26 नवंबर को भारतीय स्पिनर जसुभाई पटेल का जन्म हुआ था। जसुभाई पटेल 1924 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत की जीत के हीरो थे। आइए जानते हैं 26 नवंबर को भारतीय क्रिकेट जगत में क्या-क्या हुआ।

2025: दक्षिण अफ्रीका ने भारत में 25 साल बाद टेस्ट सीरीज जीतकर रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका ने 26 नवंबर 2025 को गुवाहाटी टेस्ट में भारत को 408 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम की। यह 2000 के बाद भारत में साउथ अफ्रीका की पहली टेस्ट सीरीज जीत थी। मुकाबले में मेहमान टीम ने शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा।

साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। इसमें सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सेनुरन मुथुसामी ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। इसके बाद मार्को यानसन ने गेंद से भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने 48 रन देकर छह विकेट लिए और भारत की पहली पारी 201 रन पर समेट दी।

साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और करीब 80 ओवर खेलने के बाद 549 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय टीम दूसरी पारी में 140 रन पर सिमट गई। साइमन हार्मर ने छह विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की जीत सुनिश्चित की। यह एक साल के भीतर भारत की घरेलू मैदान पर दूसरी टेस्ट सीरीज हार थी। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत को 3-0 से हराया था।

2011 में मुंबई टेस्ट में हुआ था बड़ा रोमांच, भारत-वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला टाई

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 26 नवंबर 2011 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया तीसरा टेस्ट बेहद नाटकीय अंदाज में समाप्त हुआ। दोनों टीमों का स्कोर बराबर होने के कारण मुकाबले टाई रहा। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह केवल दूसरा मौका था, जब कोई मुकाबला टाई हुआ था।

मैच के आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 94 रन की जरूरत थी। उसके पास पांच विकेट गिरना शेष थे। वीवीएस लक्ष्मण और महेंद्र सिंह धोनी के आउट होने के बाद भी भारत की जीत की उम्मीद बनी हुई थी, लेकिन आखिरी दो ओवर में मुकाबले का रुख बदल गया। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे।

पदार्पण कर रहे वरुण आरोन ने चौथी गेंद पर एक रन लिया। इसके बाद क्रीज पर मौजूद आर अश्विन पांचवीं गेंद पर रन नहीं बना पाए। अंतिम गेंद पर अश्विन ने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेला, लेकिन दो रन लेना संभव नहीं था। अश्विन दूसरा रन पूरा करने की कोशिश में क्रीज से बाहर रह गए और रन आउट हो गए। इस तरह भारत जीत से दो रन दूर रह गया और मुकाबला टाई हो गया। अश्विन ने इस मैच की पहली पारी में शतक लगाया था।

2012 में मुंबई के मैदान पर भारत को लगा झटका, इंग्लैंड ने दर्ज की बड़ी जीत

2012 में 26 नवंबर के आसपास भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को एक और निराशाजनक नतीजा देखने को मिला। मुंबई में इंग्लैंड ने भारत को हराकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। अहमदाबाद में पहला टेस्ट नौ विकेट से गंवाने के बाद इंग्लैंड ने अपनी रणनीति बदली और दूसरे टेस्ट में मोंटी पनेसर को टीम में शामिल किया।

मोंटी पनेसर और ग्रीम स्वान की स्पिन जोड़ी ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर दिया। दोनों ने मिलकर 19 विकेट लिए, जबकि भारत के तीन स्पिनर मिलकर केवल नौ विकेट ही ले पाए। केविन पीटरसन ने शानदार 186 रन बनाए, जबकि एलिस्टेयर कुक ने सीरीज का अपना दूसरा शतक जड़ा।

भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने भी अहमदाबाद में दोहरा शतक लगाने के बाद मुंबई में शतक जड़ा, लेकिन उनकी पारी टीम को हार से नहीं बचा पाई। इंग्लैंड ने 2006 में राहुल द्रविड़ के 100वें टेस्ट को जीत से खराब किया था। छह साल बाद वीरेंद्र सहवाग के 100वें टेस्ट में भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।

1995 में नागपुर में क्रिकेट मैच बना हादसे का गवाह, दीवार गिरने से 9 की मौत

नागपुर में 26 नवंबर 1995 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पांचवें वनडे मुकाबले के दौरान एक बेहद दुखद हादसा हुआ। लंच ब्रेक के दौरान स्टेडियम में नए बने स्टैंड के विस्तार की दीवार ढह गई। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। कुछ युवा दर्शक करीब 70 फीट की ऊंचाई से गिर गए थे।

इस हादसे की जानकारी खिलाड़ियों को नहीं दी गई और आयोजकों ने संभावित हंगामे के डर से मैच जारी रखा। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट पर 348 रन बनाए। उस समय यह वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा स्कोर था। बाद में न्यूजीलैंड ने मुकाबला भी अपने नाम किया।

1924: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर जसुभाई पटेल का हुआ था जन्म

26 नवंबर 1924 को भारतीय ऑफ स्पिनर जसुभाई पटेल का जन्म हुआ था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में केवल सात मैच खेले, लेकिन इनमें से एक प्रदर्शन ने उन्हें क्रिकेट इतिहास में खास पहचान दिलाई। कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 1959-60 में खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जसुभाई पटेल ने पहली पारी में 69 रन देकर नौ विकेट लिए।

जसुभाई पटेल ने दूसरी पारी में भी कमाल किया और 55 रन देकर पांच विकेट हासिल किये। उनके इस प्रदर्शन की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया। हैरानी की बात यह रही कि इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद जसुभाई उस सीरीज में केवल दो और टेस्ट खेल पाए। साल 1992 में अहमदाबाद में उनका निधन हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here