नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार) से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर शुरू हुआ। इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अपने टेस्ट करियर का 33वां मुकाबला खेलने उतरे। मैदान पर कदम रखते ही उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक खास रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया और इस उपलब्धि के साथ वह एक विशेष मामले में नंबर-1 भारतीय बल्लेबाज बन गए।
आपको बता दें यशस्वी जायसवाल ने इससे पहले अपने पिछले सभी 32 टेस्ट मैच अलग-अलग वेन्यू पर खेले थे। अब वह अपना 33वां टेस्ट भी एक अलग वेन्यू पर खेलने उतरे। यानी यशस्वी जायसवाल ने आज तक जितने भी टेस्ट मैच खेले हैं, हर मैदान पर पहली बार वह रेड बॉल मैच खेलने उतरे। इस मामले में उन्होंने भारतीयों की लिस्ट में संजय मांजरेकर की बराबरी की और सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए। यशस्वी जायसवाल ने 12 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ रोस्यू के विंडसर पार्क में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अब अपने 33वें मैच में वह अपने 33वें टेस्ट वेन्यू क्राइस्टचर्च के हैग्ले ओवल में उतरे। वह संयुक्त रूप से अपने पहले सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में अलग-अलग वेन्यू पर खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले संजय मांजरेकर ने अपने करियर के पहले 33 टेस्ट मैच अलग-अलग वेन्यू पर खेले थे। वहीं सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के पहले सभी 32 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदान पर खेले थे। यशस्वी इस लिस्ट में अब संजय के बराबर और सचिन से ऊपर पहुंच गए हैं। भारतीयों में जवागल श्रीनाथ भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं। अगर दुनियाभर की भी बात करें तो संजय मांजरेकर और यशस्वी संयुक्त रूप से नंबर 1 हैं। सचिन तेंदुलकर दूसरे, जवागल श्रीनाथ तीसरे और वेस्टइंडीज के दिनेश रामदीन चौथे स्थान पर हैं।
टेस्ट डेब्यू के बाद सबसे ज्यादा अलग-अलग मैदानों पर खेलने का रिकॉर्ड किसके नाम?
| खिलाड़ी | अवधि | देश | कुल मैच |
|---|---|---|---|
| संजय मांजरेकर | 1987-1994 | भारत | 33 |
| यशस्वी जायसवाल | 2023-2026 | भारत | 33 |
| सचिन तेंदुलकर | 1989-1994 | भारत | 32 |
| जवागल श्रीनाथ | 1991-1996 | भारत | 24 |
| दिनेश रामदीन | 2005-2008 | वेस्टइंडीज | 24 |
टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी का शानदार सफर, उपलब्धियों पर एक नजर
यशस्वी जायसवाल ने अब तक के अपने तीन साल के टेस्ट करियर में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उनके नाम 32 मैचों की 58 पारियों में 2697 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 48.16 की औसत से रन बनाए हैं। वहीं उन्होंने 7 शतक और 14 अर्धशतक अब तक टेस्ट करियर में लगाए हैं। 214 रन नाबाद उनका अब तक का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है।


