पीटरसन के चैलेंज पर मंधाना का जवाब, वैभव और श्रेयस की उपलब्धियां भी चर्चा में

0

नई दिल्ली : इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केविन पीटरसन अपने यूट्यूब चैनल पर लगातार एक से बढ़कर एक क्रिकेटरों के लिए अलग-अलग चैलेंज लेकर आते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना के सामने एक चैलेंज रखा। इस चैलेंज में 50 गेंद स्मृति को खेलनी थी और इसी के अंदर शतक जड़ना था, लेकिन इसके साथ एक शर्त और रखी गई थी।

यह शर्त थी कि पहली गेंद से 50वीं गेंद तक गेंद की स्पीड 50 मील प्रति घंटे से 1-1 मील प्रति घंटा बढ़ती जाएगी। यानी पहली गेंद 50 मील, दूसरी गेंद 51 मील, तीसरी गेंद 52 मील और इसी तरह 50वीं गेंद 100 मील प्रति घंटे की रफ्तार से आनी थी। इन्हीं 50 गेंदों में स्मृति को शतक जड़ना था। भारतीय महिला क्रिकेटर ने 37 गेंदों पर ही तूफानी शतक जड़ दिया।

स्मृति मंधाना ने इस दौरान 37 गेंदों का सामना किया और कुल 103 रन बनाए। केविन पीटरसन के इस खास चैलेंज शो में शामिल हुईं स्मृति सबसे तेज शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर बन गईं। उनसे पहले वैभव सूर्यवंशी, देवदत्त पडिक्कल, भारतीय मेंस टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी पीटरसन के चैलेंज का हिस्सा बन चुके हैं। इस दौरान सभी ने अलग-अलग चैलेंज का सामना करते हुए शतक जड़े हैं।

पीटरसन के चैलेंज पर किस बल्लेबाज ने कितनी गेंदों में ठोका शतक?

श्रेयस अय्यर: 22 गेंद
देवदत्त पडिक्कल: 25 गेंद
वैभव सूर्यवंशी: 25 गेंद
मार्कस स्टॉइनिस: 28 गेंद
निकोलस पूरन: 28 गेंद
स्मृति मंधाना: 37 गेंद

हरमनप्रीत की गैरमौजूदगी में स्मृति मंधाना को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी

हाल ही में स्मृति मंधाना को हरमनप्रीत कौर के इस्तीफे के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मेट की नियमित कप्तान बनाया गया था। उन्होंने बतौर नियमित कप्तान अपनी पहली सीरीज में ही जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज क्लीन स्वीप करते हुए जीती थी। अब उनकी नजरें आगामी साउथ अफ्रीका सीरीज दौरे हैं।

इस सीरीज में दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। साथ ही तीन-तीन मैचों की वनडे व टी20 सीरीज भी टीम इंडिया प्रोटियाज की सरजमीं पर खेलेगी। इस दौरे के लिए अभी भारतीय टीम का ऐलान होना बाकी है। वहीं साउथ अफ्रीका की तीनों फॉर्मेट की टीम घोषित हो चुकी है। भारत का यह दौरा 9 दिसंबर को ग्केबेरहा में एकमात्र टेस्ट से शुरू होगा। फिर वनडे सीरीज 16 दिसंबर से पार्ल में शुरू होगी। इस दौरे का अंत 30 दिसंबर को पोटचेफ्स्ट्रूम में होने वाले तीसरे व आखिरी टी20 से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here