नई दिल्ली : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से मोहम्मद शमी ने अब तक कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। लंबे समय से वह वनडे और टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन टीम इंडिया में ‘लाला’ के नाम से पहचाने जाने वाले शमी ने हार नहीं मानी। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। 35 वर्षीय तेज गेंदबाज की न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज में वापसी की पूरी संभावना जताई जा रही है।
न्यूजीलैंड सीरीज में मोहम्मद शमी की वापसी संभव?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घरेलू क्रिकेट में मोहम्मद शमी के प्रदर्शन पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। संकेत मिल रहे हैं कि उनकी टीम इंडिया में वापसी अब ज्यादा दूर नहीं है। अगर चयनकर्ता उन पर इस तरह नजर बनाए हुए हैं, तो साफ है कि शमी अब भी वनडे विश्व कप 2027 की योजनाओं का हिस्सा हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में उनके चुने जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “मोहम्मद शमी का नाम लगातार चयन को लेकर चर्चा में बना हुआ है। वह टीम की योजनाओं से बाहर नहीं हैं, हालांकि फिलहाल एकमात्र चिंता उनकी फिटनेस को लेकर है। शमी जैसी काबिलियत वाला तेज गेंदबाज टीम के लिए बेहद अहम होता है और विकेट निकालने में भी काफी असरदार है। यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि वह चयनकर्ताओं की नजरों से बाहर हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए फिट नजर आ रहे हैं और अगर उनका चयन हो जाए तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी। यहां तक कि वह 2027 वनडे विश्व कप तक भी खेल सकते हैं।”
ध्यान देने वाली बात यह है कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में जसप्रीत बुमराह भारत के लिए नहीं खेले थे। टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए उनका वर्कलोड मैनेज किया जा रहा है। इसी वजह से फिलहाल टीम इंडिया के पास कोई अनुभवी सीनियर तेज गेंदबाज उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अगर चयनकर्ता मोहम्मद शमी पर भरोसा जताते हैं, तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भारतीय पेस आक्रमण की अगुआई करते हुए नजर आ सकते हैं।
घरेलू क्रिकेट में मोहम्मद शमी का दमदार प्रदर्शन
कई क्रिकेट पंडितों ने मोहम्मद शमी को लगातार चयन से बाहर रखे जाने पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बावजूद शमी ने निराश होने के बजाय घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। लगातार अनदेखी के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने खेल से जवाब दिया। व्हाइट बॉल क्रिकेट में शमी ने अपने पिछले छह मुकाबलों में 17 विकेट चटकाए हैं, जिनमें विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के तीन और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के तीन मैच शामिल हैं। इसके अलावा रणजी ट्रॉफी सीजन में भी उन्होंने चार मैचों में 20 विकेट अपने नाम किए।


