नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी। इस सीरीज से पहले मंगलवार को टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई। वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को अभी मैच खेलने की अनुमति नहीं मिली है। उनके फील्ड पर उतरने की अनुमति एक हफ्ते के लिए बढ़ा दी गई है और वह केवल 9 जनवरी को ही खेल सकते हैं, अगर पूरी तरह फिट और रिकवर हो जाएं।
इससे पहले खबरें थीं कि वह 3 जनवरी और 6 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले खेलेंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। उन्हें मैच फिट होने में एक हफ्ता और लगेगा। लिहाजा अय्यर अब न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से लगभग बाहर हो गए हैं या अगर वह आते भी हैं तो आखिरी वनडे से पहले उनका उपलब्ध होना मुश्किल है। ऐसे में एक खिलाड़ी की लॉटरी फिर लगने वाली है।
क्या ऋतुराज गायकवाड़ को मिलेगी वनडे टीम में जगह?
श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिला था, जिसमें उन्होंने दो पारियों में से एक में शानदार शतक जड़ा था। अब न्यूजीलैंड सीरीज में भी वह अय्यर की अनुपस्थिति में नंबर 4 की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वहीं, तिलक वर्मा को प्लेइंग 11 में इंतजार करना पड़ सकता है या संभव है कि वह स्क्वाड से बाहर भी हो जाएं।
यशस्वी जायसवाल प्लेइंग 11 से बाहर?
यशस्वी जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। आखिरी वनडे में उन्होंने नाबाद शतक जमाकर टीम को आसान जीत दिलाई थी। इसके बावजूद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में यशस्वी को बाहर बैठना पड़ सकता है। वजह यह है कि इस सीरीज में कप्तान शुभमन गिल की वापसी लगभग तय मानी जा रही है और वह रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। ऐसे में ओपनिंग स्लॉट भर जाने के कारण यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल नजर आ रहा है।
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत का संभावि वनडे स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन/ध्रुव जुरेल(विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा।


