IND vs OMA: अबू धाबी में ओमान से होगी टक्कर, इस मैदान पर टीम इंडिया का कैसा रहा है टी20 सफर?

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन जारी है। ग्रुप-ए में खेले गए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने सुपर-4 चरण में जगह पक्की कर ली है। हालांकि ग्रुप स्टेज में भारत को अब भी एक मुकाबला खेलना है, जिसमें उसका सामना 19 सितंबर को ओमान से होगा। जहां भारतीय टीम ने अपने पहले दोनों मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले थे, वहीं अब ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय टीम के लिए भले ही औपचारिकता हो, लेकिन सुपर-4 से पहले टीम संतुलन और फॉर्म को बरकरार रखने के लिहाज से यह मुकाबला अहम होगा।

अबू धाबी के मैदान पर टीम इंडिया का अनुभव सीमित, अब तक खेला है सिर्फ एक मैच

अगर अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में भारतीय टीम के रिकॉर्ड की बात की जाए, तो उन्होंने अब तक यहां केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है। यह मैच साल 2021 के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया था। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और महज 2 विकेट खोकर 210 रन बनाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 144 रन ही बना सकी, जिससे भारत ने यह मुकाबला 66 रनों से अपने नाम किया। इस तरह भारत का इस मैदान पर जीत का रिकॉर्ड अब तक 100 फीसदी रहा है। दूसरी ओर, अगर ओमान की टीम की बात करें तो उन्होंने अबू धाबी में कुल 13 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 6 में उन्हें जीत मिली है, जबकि 7 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

इतिहास के करीब: टीम इंडिया खेलने जा रही है अपना 250वां टी20 इंटरनेशनल मैच

टी20 इंटरनेशनल में अभी सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में पाकिस्तान की टीम पहले नंबर पर है जिसमें उन्होंने कुल 275 मैच खेले हैं, तो वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारतीय टीम है जिनके लिए ओमान के खिलाफ होने वाला मुकाबला टी20 इंटरनेशनल में 250वां मैच होगा। भारतीय टीम वर्ल्ड क्रिकेट में इस आंकड़े तक पहुंचने वाली अभी तक की सिर्फ दूसरी टीम होगी। टीम इंडिया ने अब तक खेले 249 मैचों में से 166 मैच में जहां जीत दर्ज की है तो वहीं उन्हें 71 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here