वानिंदु हसरंगा बन सकते हैं नंबर 1, तोड़ सकते हैं अफगानी कप्तान का अहम रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली: श्रीलंका क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा के पास 18 सितंबर को इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। टी20 एशिया कप 2025 के 11वें मुकाबले में जब श्रीलंका की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी, तो हसरंगा एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अगर वह इस मैच में तीन विकेट लेने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह टी20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के भुवनेश्वर कुमार और अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान—दोनों को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के नंबर-1 बॉलर बन जाएंगे। ऐसे में हसरंगा की नजरें न सिर्फ जीत पर होंगी, बल्कि इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर भी टिकी होंगी।

राशिद खान का जलवा बरकरार, टी20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
टी-20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के कप्तान और स्टार स्पिनर राशिद खान के नाम है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 14 विकेट चटकाए हैं। राशिद ने ये रिकॉर्ड दो दिन पहले ही बनाया था। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने टी-20 एशिया कप 6 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। वहीं हसरंगा ने टी-20 एशिया कप में 12 विकेट लिए हैं। वह तीन विकेट लेते ही इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।

टी-20 एशिया कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज

राशिद खान (अफगानिस्तान) – 10 मैच: 14 विकेट
भुवनेश्वर कुमार (भारत) – 6 मैच: 13 विकेट
वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) – 8 मैच: 12 विकेट
अमजद जावेद (सयुंक्त अरब अमीरात) – 7 मैच: 12 विकेट
हार्दिक पांड्या (भारत) – 10 मैच: 12 विकेट

टी20 क्रिकेट में श्रीलंका के सबसे असरदार गेंदबाज: वानिंदु हसरंगा

आपको बता दें कि वानिंदु हसरंगा श्रीलंका के नंबर-1 टी20I बॉलर हैं। उन्होंने 81 मैचों की 79 पारियों में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 134 विकेट चटकाए हैं। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो अब टी-20 एशिया कप के इतिहास के भी नंबर-1 गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं या नहीं। एशिया कप 2025 में हसरंगा के प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्होंने अब तक दो मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं। ऐसे में वह सुपर-4 चरण शुरू होने से पहले फॉर्म में वापस आना चाहेंगे।

अफगानिस्तान की सुपर-4 की राह में जीत अनिवार्य

एशिया कप 2025 की बात करें तो श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीम ग्रुप-ए का हिस्सा है। इस ग्रुप से अभी कोई भी टीम सुपर-4 में नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में आज का मैच काफी अहम है। श्रीलंका पहले ही दो मैच जीत चुकी है। वहीं अफगानिस्तान की टीम को सुपर-4 में पहुंचने के लिए इस मैच में हार हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here