IND vs PAK: बारिश के बीच भारत की जीत, DLS पद्धति से पाकिस्तान को 2 रन से मात

0

नई दिल्ली: हॉन्गकॉन्ग सिक्सेज 2025 के ग्रुप सी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हुए। हालांकि बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं हो सका और परिणाम डकवर्थ-लुईस नियम के तहत तय किया गया। अंततः भारत को विजेता घोषित किया गया, जिसने पाकिस्तान को 2 रन से मात देकर रोमांचक जीत अपने नाम की।

इस मुकाबले में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 4 विकेट पर 86 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत के लिए 87 रन का टारगेट दिया। पाकिस्तान की टीम ने दूसरी पारी में 3 ओवर में एक विकेट पर 41 रन बना लिए थे तभी जोरदार बारिश आ गई और फिर मैच नहीं हो सका। अंत में भारत को विजयी घोषित कर दिया गया। इस टूर्नामेंट में भारत ने जीत केसाथ आगाज किया।

उथप्पा का जलवा, भारत की पारी में सबसे बड़ी पारी खेली

पाकिस्तान के खिलाफ पारी की शुरुआत करने रॉबिन उथप्पा और भरत चिपली आए थे। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी हुई और फिर उथप्पा आउट हो गए। उथप्पा ने 11 गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौकों के साथ 28 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 254.55 का रहा। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए स्टुअर्ट बिन्नी कुछ खास नहीं कर पाए और वो 2 गेंदों पर एक चौके की मदद से 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

चौथे नंबर पर बैटिंग करने खुद कप्तान दिनेश कार्तिक आए जिन्होंने 6 गेंदों पर एक छक्का और 2 चौकों के साथ नाबाद 17 रन की पारी खेली और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 283.33का रहा। भारत के लिए भरत चिपली ने 13 गेंदों पर 2 छक्के और 2 चौकों के साथ 24 रन बनाए जबकि अभिमन्यु मिथुन ने 5 गेंदों पर एक चौके के साथ 6 रन बनाए और रन आउट हो गए। पाकिस्तान की तरफ से इस मैच में मोहम्मद शहजाद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए जबकि अब्दुल समद को एक सफलता हासिल हुई।

पाकिस्तान की जवाबी पारी

पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में 3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए, लेकिन बारिश के कारण बाकी 3 ओवरों का खेल संभव नहीं हो सका। टीम की पारी की शुरुआत ख्वाजा नफे और माज सदाकत ने की। माज सदाकत ने 3 गेंदों पर 7 रन बनाए और स्टुअर्ट बिन्नी की गेंद पर आउट हुए। वहीं ख्वाजा नफे 9 गेंदों में 2 छक्के और एक चौका लगाकर 18 रन पर नाबाद रहे। अब्दुल समद ने 6 गेंदों में एक छक्का और 2 चौकों की मदद से तेज़ 16 रन बनाते हुए नाबाद पारी खेली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here