IND vs PAK: भारतीय ड्रेसिंग रूम तक पहुंचे, फिर भी हाथ मिलाने से रहे दूर; पाकिस्तान के कप्तान का बड़ा खुलासा

0

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से रोमांच और भावनाओं से भरपूर रहे हैं, लेकिन अब यह प्रतिस्पर्धा सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रही है। बीते कुछ वर्षों में इसका असर खिलाड़ियों के व्यवहार में भी साफ नजर आने लगा है। जब भी दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो मैदान पर पारंपरिक हैंडशेक की कमी चर्चा का विषय बन जाती है। हाल ही में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने एशिया कप 2025 के दौरान हुए नो-हैंडशेक विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है, जिसने इस मुद्दे को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा ने बताया कि उनकी टीम मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के लिए उनके ड्रेसिंग रूम तक गई थी, लेकिन दरवाजा बंद मिला। गौरतलब है कि एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच नो-हैंडशेक पॉलिसी की शुरुआत हुई थी। आगा ने एक पॉडकास्ट में बताया कि उन्हें टॉस से ठीक पहले इस फैसले के बारे में जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि वह टॉस के लिए गए थे। उससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई थी, जहां हैंडशेक हुआ था। लेकिन जब वह टॉस के लिए जा रहे थे, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि हैंडशेक नहीं होगा।

आगे उन्होंने बताया कि मैच रेफरी ने उन्हें अलग ले जाकर स्पष्ट कर दिया था कि मुकाबले के दौरान हाथ मिलाने की औपचारिकता नहीं होगी। इस पर आगा ने कहा कि उन्हें इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ा। मुकाबला समाप्त होने के बाद भी पाकिस्तान टीम ने खेल भावना का परिचय देते हुए भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की कोशिश की।

आगा ने कहा कि हम मैच हार गए थे और हम उनके ड्रेसिंग रूम में हैंडशेक के लिए गए, लेकिन उन्होंने तब भी हाथ नहीं मिलाया। सलमान अली आगा ने इस घटना पर असहमति जताई और कहा कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए गलत संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वह कई बार कह चुके हैं कि यह सही नहीं है। जब हम अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो लोग हमें देखते हैं, बच्चे हमें फॉलो करते हैं। अगर हम ऐसा करेंगे, तो इसका असर नीचे तक जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here