IND vs SA: कुलदीप यादव ने तोड़े वॉर्न, एंडरसन और ब्रॉड के रिकॉर्ड, 4 विकेट लेकर बने जीत के हीरो!

0

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे में भारत ने 17 रन से रोमांचक जीत हासिल की। इस मुकाबले में विराट कोहली की शानदार पारी ने अहम भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब मिला। हालांकि, कुलदीप यादव के शानदार प्रदर्शन की भी अनदेखी नहीं की जा सकती।

कुलदीप यादव ने अहम वक्त पर भारत के लिए पहले मैच में विकेट लिए और मैच को पलट दिया। सही मायने में अगर कुलदीप यादव ने ब्रीट्ज्के और यानसेन को आउट नहीं किया होता तो कहानी कुछ और हो सकती थी। इस मैच में कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 68 रन देकर 4 विकेट लिए और भारत की तरफ से सबसे सफल बॉलर रहे। कुलदीप ने 4 विकेट लेकर वॉर्न, एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया।

कुलदीप यादव ने तोड़े 7 दिग्गजों के कीर्तिमान

कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 4 विकेट चटकाए और यह किसी टीम के खिलाफ वनडे में उनका चौथा फोर-विकेट हॉल रहा। इस उपलब्धि के साथ, वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा फोर-विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की सूची में लसिथ मलिंगा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। मलिंगा ने भी इस टीम के खिलाफ 4 बार फोर-विकेट हॉल हासिल किया था। इस लिस्ट में पहले स्थान पर ब्रेट ली और वकार यूनिस हैं, जिन्होंने 5-5 बार ऐसा किया था।

कुलदीप यादव ने बेशक लसिथ मलिंगा के रिकॉर्ड के बराबर का प्रदर्शन किया, लेकिन उन्होंने एक ही समय में जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, स्टुअर्ट ब्रॉड, युजवेंद्र चहल, डेरेन गॉफ, पॉल रफेल और शेन वॉर्न को पीछे छोड़ दिया। इन सभी गेंदबाजों ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में फोर-विकेट हॉल केवल 3-3 बार ही हासिल किया था। इसके अलावा, कुलदीप ने अपने वनडे करियर में यह उपलब्धि 10वीं बार हासिल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here