नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और निर्णायक मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच कोलंबो के सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा, जहां भारतीय टीम अपना 10वां टेस्ट मैच खेलेगी। मौजूदा भारतीय स्क्वाड की बात करें तो 15 में से 13 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो इस मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। टीम में सिर्फ केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब में टेस्ट खेलने का अनुभव है। ऐसे में दोनों का अनुभव भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।
भारत ने कोलंबो के सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब में 1985 से 2017 तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें से टीम इंडिया को सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली है और दो मैच इस मैदान पर भारतीय टीम हारी है। चार मैच भारत ने इस मैदान पर ड्रॉ खेले हैं। आखिरी बार 2017 में भारत ने यहां टेस्ट मैच खेला था। 2001 और 2008 में भारत को यहां हार मिली थी। वहीं 1993, 2015 और 2017 में भारत ने इस मैदान पर जीत दर्ज की है।
जडेजा-राहुल के कोलंबो आंकड़े क्या कहते हैं?
कोलंको के सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब में भारत की पिछली दोनों जीत का हिस्सा रहे थे केएल राहुल। उन्होंने दो मैच यहां खेले हैं और 3 पारियों में उनके नाम 61 रन दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर इस मैदान पर 57 रन है। जबकि रविंद्र जडेजा ने यहां एक ही मुकाबला खेला है और उन्होंने 1 पारी में 70 रन बनाए हैं। यानी एक पारी खेलते हुए ही वह राहुल से आगे हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में भी जडेजा ने इस मैदान पर 2 पारियों में 7 विकेट झटके हैं।
कोलंबो में पहली बार उतरेंगे गिल समेत ये खिलाड़ी
कोलंबो टेस्ट के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड लगभग पहले मुकाबले जैसा ही रहने की उम्मीद है। कप्तान शुभमन गिल के लिए यह श्रीलंका का पहला टेस्ट दौरा है और अब वह कोलंबो में भी पहली बार टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों के लिए भी सिन्हालीस स्पोर्ट्स क्लब में यह पहला टेस्ट मुकाबला होगा। ऐसे में इन खिलाड़ियों के सामने परिस्थितियों को जल्दी समझने और उनके मुताबिक खुद को ढालने की चुनौती होगी।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।


