नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। वहीं मेजबान टीम को हार के साथ-साथ इंजरी के रूप में भी दो बड़े झटके लगे हैं। मैच के बीच ही चोटिल होकर हॉस्पिटल ले जाए गए दिनेश चांडीमल अब कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वहीं उनके अलावा एक और श्रीलंकाई खिलाड़ी दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होगा।
गॉल टेस्ट में 165 रन से हार के बाद श्रीलंका के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने दो खिलाड़ियों के 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर होने की जानकारी दी। उनके मुताबिक दिनेश चांडीमल और कुसल मेंडिस दूसरे मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार 23 अगस्त से 27 अगस्त गुरुवार तक कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा।
गैरी कर्स्टन ने साझा की अहम जानकारी
श्रीलंका को अगर सीरीज बचानी है तो उसे हर हाल में कोलंबो टेस्ट जीतने होगा, मगर इससे पहले ही टीम को दो बड़े झटके लग चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हेड कोच गैरी कर्स्टन ने बताया,”कुसल मेंडिस के हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है। वह कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।” उन्होंने आगे चांडीमल और पथुम निसांका को लेकर भी कहा, ”मैं इंजरी अपडेट के लिए श्योर नहीं हूं, लेकिन मौजूदा हाल को देखते हुए, यह खिलाड़ी, निसांका (पथुम) भी और दिनेश (चांडीमल) अगले मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। हम कुछ खिलाड़ियों के बिना उतरने को मजबूर हैं।”
कुसल मेंडिस लंका प्रीमियर लीग के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पहले से ही टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी जगह गॉल टेस्ट में निरोशन डिकवेला को टीम में शामिल किया गया था, जिन्होंने पहली पारी में 80 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं, पथुम निसांका अपनी कलाई की चोट से उबर रहे हैं। चांडीमल को गॉल टेस्ट के चौथे दिन फील्डिंग के दौरान गर्दन और कंधे में चोट लगी थी। उनकी जगह पसिंदू सूरियाबंदारा को कनकशन रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका मिला और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू भी किया, हालांकि वह अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए।


