IND-W vs ENG-W: इंग्लैंड ने भारत को आखिरी टी20 मुकाबले में पांच विकेट से हराया, लेकिन सीरीज़ भारत के नाम रही

0

बर्मिंघम: इंग्लैंड की महिला टीम ने भारत को पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में पांच विकेट से हरा दिया। हालांकि, टीम इंडिया पहले ही यह सीरीज जीत चुकी है, इसलिए आखिरी मैच में जीत इंग्लैंड के लिए औपचारिकता मात्र रहा। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 167 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह इंग्लैंड की महिला टीम द्वारा टी20 में उनका तीसरा सबसे बड़े रन चेज रहा। इससे पहले 2018 में इस टीम ने भारतीय टीम के खिलाफ ही 199 रन और 2017 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 179 रन चेज किए थे। भारतीय टीम ने 3-2 से मौजूदा टी20 सीरीज अपने नाम की। भारत ने पहला टी20 97 रन से और दूसरा टी20 24 रन से अपने नाम किया था। तीसरे टी20 में इंग्लिश टीम ने पांच रन से जीत हासिल की थी। फिर चौथे टी20 में छह विकेट से जीत ने टीम इंडिया को अजेय बढ़त दिला दी थी। चार्लोट डीन प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। वहीं, पांच मैचों में 10 विकेट लेने वाली श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। मैच के बाद नेट शीवर ब्रंट को इंग्लैंड क्रिकेट द्वारा प्लेयर ऑफ द समर के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड की महिला टीम द्वारा सफलतापूर्वक हासिल किया गया सर्वोच्च लक्ष्य

 

श्री चरणी ने रिकॉर्ड भी बनाया। यह उनका डेब्यू सीरीज है। 10 विकेट किसी भी भारतीय महिला द्वारा अपनी पहली टी20 सीरीज में लिए गए सर्वाधिक विकेट हैं। इतना ही नहीं, वह किसी एक महिला टी20 सीरीज में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी हैं। इस मामले में उन्होंने राधा यादव की बारबरी भी की। राधा ने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में 10 विकेट झटके थे।

किसी एक महिला टी20 सीरीज में सर्वाधिक विकेट (भारतीय)

इंग्लैंड की कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। 19 के स्कोर तक भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और जेमिमा रॉड्रिग्स के विकेट गंवा दिए थे। मंधाना आठ रन और जेमिमा एक रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शेफाली वर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाई। कप्तान हरमनप्रीत 18 गेंद में दो चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, हरलीन देओल भी कुछ खास नहीं कर सकीं और चार रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शेफाली वर्मा ने अर्धशतक जमाया और 41 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन की तूफानी पारी खेली। ऋचा घोष ने 16 गेंद में तीन चौके की मदद से 24 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा सात रन बनाकर आउट हुईं। राधा यादव 14 गेंद में 14 रन और अरुंधति रेड्डी पांच गेंद में नौ रन बनाकर नाबाद रहीं। इंग्लैंड की ओर से चार्ली डीन ने तीन विकेट औ सोफी एक्लेस्टोन ने दो विकेट लिए। एम आर्लोट और लिंसे स्मिथ को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। सोफिया डंकले और डेनिएला वायट ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। 101 के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा। सोफिया 30 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुईं। डेनिएला ने अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद वह आउट हो गईं। उन्होंने 37 गेंद में नौ चौके की मदद से 56 रन की पारी खेली। माइया बाउचियर ने 16 रन बनाए। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए छह रन की जरूरत थी। तब कप्तान टैमी ब्यूमोंट और एमी जोंस के रूप में इंग्लैंड की दो मुख्य बल्लेबाज क्रीज पर थीं। अरुंधति रेड्डी को छह रन बचाने का जिम्मा मिली। उन्होंने पहली ही गेंद पर ब्यूमोंट को क्लीन बोल्ड किया। ब्यूमोंट ने 20 गेंद में पांच चौके की मदद से 30 रन बनाए। इसके बाद दूसरे गेंद पर नई बल्लेबाज पेज स्कोलफील्ड ने एक रन लिया और एमी जोंस को स्ट्राइक दिया। तीसरी गेंद पर अरुंधति ने एमी जोंस को राधा यादव के हाथों कैच कराया। एमी ने 10 रन बनाए। बाकी बची तीन गेंदों पर इंग्लैंड को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर नई बल्लेबाज सोफी एक्लेस्टोन ने तीन रन लिए। पांचवीं गेंद पर पेज ने एक रन लिया। आखिरी गेंद पर इंग्लिश टीम को एक रन की जरूरत थी। सोफी ने एक रन लेकर इंग्लैंड की टीम को जीत दिलाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here