नई दिल्ली : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच महिला वर्ल्ड कप 2025 का 10वां मुकाबला गुरुवार को विशाखापट्टनम में खेला जाना है। लेकिन इस अहम मैच से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने वाइजैग में तेज बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे मैच के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अब तक अपने दोनों शुरुआती मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है, लेकिन अगर यह मैच बारिश की भेंट चढ़ता है और टीम को सिर्फ 1 अंक से संतोष करना पड़ता है, तो उसकी जीत की लय पर ब्रेक लग सकता है।
वहीं जब आगे भारत को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम से भिड़ना है। तो उस लिहाज से अगर यह मैच रद्द हुआ तो हरमनप्रीत कौर की टीम इससे खुश नहीं होगी। भारत को 12 अक्टूबर को अपना अगला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी विशाखापट्टनम में ही खेलना है। वहीं यहां के ताजा मौसम की बात करें तो बारिश भारत और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले में विलेन बन सकती है।
कैसा रहेगा विशाखापट्टनम का मौसम?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विशाखापट्टन में बुधवार से गुरुवार तक बारिश का रेड अलर्ट है। जबकि गुरुवार को दोपहर 2 बजे तक तेज बारिश का अनुमान है। इसके अलावा अगर हर घंटे की रिपोर्ट देखें तो शाम 5,6 बजे करीब 50-60 प्रतिशत बारिश का अनुमान बताया गया है। यानी इस मैच के शुरू होने में देरी संभव है। साथ ही बीच में भी कुछ अंतराल में बाधा आ सकती है। इसका मतलब है कि 50 ओवर का मैच पूरा हो जाएगा यह कहना भी मुश्किल है।
क्या सेमीफाइनल की दौड़ में फंस सकती है टीम इंडिया?
भारत ने अपने पहले दो मैच जीतकर अच्छा प्रदर्शन किया है और अब तक पांच मैच खेले जाने हैं, जिनमें से एक यह मुकाबला भी शामिल है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश को हराना टीम इंडिया के लिए ज्यादा चुनौतीपूर्ण नहीं होगा। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को हमेशा से कड़ी टक्कर मिली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अगर आज का मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो भारत के पास 5 अंक हो जाएंगे। लेकिन यदि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ हारती है, तो सेमीफाइनल तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल यह सभी बातें मौसम की स्थिति पर निर्भर हैं। अगर मैच बिना बाधा के पूरा हो गया, तो सेमीफाइनल के लिए सभी परिणाम सीधे नतीजों पर आधारित होंगे।


