नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम में कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। हरमनप्रीत कौर के सफल कप्तानी कार्यकाल के बाद स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी गई है। विश्व विजेता कप्तान हरमनप्रीत के पद छोड़ने के बाद स्मृति की कप्तान के रूप में पहली सीरीज घरेलू मैदान पर होगी। जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मुकाबले खेलेगी। इस सीरीज के जरिए भारतीय टीम को आगामी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को मजबूत करने का मौका मिलेगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप में पिछले दो टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था, जिससे उसकी कमजोरी भी खुलकर सामने आ गई। टीम को अगर ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को लगातार चुनौती देनी है तो उसे खेल के तीनों विभाग में सुधार करना होगा। भारत ने पिछले साल अपने घरेलू मैदान पर ऐतिहासिक वनडे विश्व कप जीता था, लेकिन अगले साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी जीतना उसके लिए आसान नहीं होगा। चैंपियंस ट्रॉफी (टी20 फॉर्मेट) की तैयारी का अभियान शुरू करने के लिए यह नई भारतीय टीम की पहली सीरीज होगी।
हरमनप्रीत कौर लंबे समय बाद भारतीय महिला टीम में कप्तान के बजाय खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगी। वहीं, शैफाली वर्मा को भारतीय महिला टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के नेतृत्व में भारतीय टीम की यह पहली सीरीज होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि तीनों वनडे मैच वडोदरा में आयोजित होंगे।
भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज का पूरा शेड्यूल
टी20 सीरीज
पहला टी20 मैच: 16 अक्टूबर 2026, शाम 7 बजे (IST)
दूसरा टी20 मैच: 18 अक्टूबर 2026, शाम 7 बजे (IST)
तीसरा टी20 मैच: 20 अक्टूबर 2026, शाम 7 बजे (IST)
वनडे सीरीज
पहला वनडे मैच: 23 अक्टूबर 2026, दोपहर 2 बजे (IST)
दूसरा वनडे मैच: 25 अक्टूबर 2026, दोपहर 2 बजे (IST)
तीसरा वनडे मैच: 28 अक्टूबर 2026, दोपहर 2 बजे (IST)
टी20 सीरीज के लिए दोनों टीमों के स्क्वाड
भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा, निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतिमानी कलिता, मिन्नू मणि।
जिम्बाब्वे: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलव्ड बिज़ा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, न्याशा ग्वानजुरा, नोम्पिलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चिएजा दुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदानेई मायकुशा।
वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का स्क्वाड
स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सायली सतघरे और रेणुका ठाकुर।


