लखनऊ. इकाना स्टेडियम में चल रहे भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच चार दिवसीय मैच में रोमांचक स्थिति बन गई है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ए को जीत के लिए 243 रन की दरकार है। टीम ने अपनी दूसरी पारी में 169 रन पर दो विकेट खो दिए हैं। केएल राहुल ने शानदार 74 रन बनाए, लेकिन रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
भारत की दूसरी पारी मजबूत
दूसरी पारी में भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। नारायण जगदीशन 35 और देवदत्त पडिक्कल 5 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल ने पारी संभाली और 92 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। राहुल के रिटायर हर्ट होने के बाद साई सुदर्शन (44*) और मानव सुथार (1*) क्रीज पर टिके रहे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ए 169/2 तक पहुंच गया था और जीत की ओर मज़बूती से बढ़ रहा है।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी का पतन
ऑस्ट्रेलिया ए दूसरी पारी में 185 रन पर सिमट गया। कप्तान नेथन मैक्सवीनी ने 85 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि जोश फिलिप ने 50 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सके। सैम कोंटास और कैंपबेल केलावे जल्दी आउट हो गए। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने शुरू में ही दबाव बना दिया। सुथार और गुरनूर ब्रार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि सिराज और यश ठाकुर को दो-दो विकेट मिले।

पहली पारी में पिछड़ा भारत
इससे पहले पहली पारी में भारत की टीम 194 रन पर ऑल आउट हो गई थी। साई सुदर्शन ने सबसे ज़्यादा 75 रन बनाए, जबकि नारायण जगदीशन ने 38 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और विकेट लगातार गिरते रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से विल सदरलैंड और टॉड मर्फी ने दबाव बनाए रखा। वहीं ऑस्ट्रेलिया ए ने अपनी पहली पारी में 441 रन बनाए थे। जेक एडवर्ड्स (88), टॉड मर्फी (76) और कप्तान मैक्सवीनी (74) ने टीम को मज़बूती दी। भारत के लिए मानव सुथार ने 5 विकेट हासिल किए।
मैच का रोमांच अंतिम दिन तक
मैच अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। भारत ए को आखिरी दिन जीत के लिए 243 रन बनाने हैं और उसके 8 विकेट शेष हैं। केएल राहुल की फिटनेस अहम होगी, क्योंकि उनका अनुभव टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में बड़ा रोल निभा सकता है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ए के गेंदबाज़ भी वापसी की उम्मीद में उतरेंगे। लखनऊ का यह टेस्ट जैसे मुकाबला अब निर्णायक मोड़ पर है।


