नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब इंडिया ए की टीम सेमीफाइनल में श्रीलंका ए से भिड़ने के लिए तैयार है। इस अहम मुकाबले में एक बार फिर सभी की निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी, जिन्होंने यूएई के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेलकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था।
उनसे सेमीफाइनल में भी इसी तरह के आक्रामक प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, यूएई के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए प्रभसिमरन सिंह अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं कर सके। ऐसे में श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उनकी जगह पर सवाल खड़े हो गए हैं। संभावना है कि टीम प्रबंधन उन्हें बाहर कर आयुष बडोनी को अंतिम एकादश में मौका दे सकता है।
हालांकि, नेपाल और पाकिस्तान ए के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए आयुष बडोनी को यूएई के खिलाफ मुकाबले में जगह नहीं मिली थ. लेकिन उनके अनुभव और एक स्पिनर के विकल्प को देखते हुए वह सेमीफाइनल मुकाबला खेल सकते हैं। प्रभसिमरन का प्रमुख बल्लेबाजी स्पॉट ओपनिंग है और इस पोजिशन पर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी मौजूद हैं।
यूएई के खिलाफ विकेटकीपिंग भी उन्होंने नहीं कुमार कुशाग्र ने की थी। बल्ले से भी वैभव सूर्यवंशी एक तरफ तूफान मचा रहे थे लेकिन प्रभसिमरन 4 गेंद पर 3 रन बनाकर फेल साबित हुए थे। ऐसे में वह सेमीफाइनल मैच की प्लेइंग 11 से जगह गंवा सकते हैं। अन्य बदलाव भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में नजर नहीं आ रहे हैं। अरशद खान ने वापसी करते हुए यूएई के खिलाफ 4 विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी की थी।
सेमीफाइनल से पहले इंडिया ए में हलचल, प्रिंस यादव की वापसी के आसार
आयुष बडोनी के आने से टीम हर्ष दुबे को बाहर करके प्रिंस यादव के रूप में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाजी के विकल्प के साथ भी जा सकती है। यूएई के खिलाफ सूर्यांश शेडगे ने पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की थी और हर्ष ने 7 ओवर ही डाले थे। स्पिनर के तौर पर आयुष बडोनी, शाहबाज अहमद, रिंकू सिंह, कप्तान तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। प्रिंस यादव निचले क्रम पर बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले के लिए इंडिया ए की संभावित प्लेइंग 11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बडोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान।


