दूसरी जीत के इरादे से उतरेगी इंडिया ए, जानिए संभावित प्लेइंग 11

0

नई दिल्ली : तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए ने श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज का शानदार आगाज किया और पहले मुकाबले में श्रीलंका ए को 8 रन से हराकर जीत दर्ज की। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव की स्थिति में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतिम क्षणों में मैच अपने नाम कर लिया। अब इंडिया ए की नजरें दूसरे मुकाबले पर हैं, जहां उसका सामना गुरुवार (11 जून) को अफगानिस्तान ए से होगा। भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज कर अंकतालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी, ताकि फाइनल की दौड़ में वह मजबूत दावेदारी पेश कर सके।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत को एक मजबूत प्लेइंग 11 के साथ उतरना होगा क्योंकि श्रीलंका की पिच पर खेलना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं दिख रहा है। इंडिया ए की बैटिंग लाइनअप इतनी तगड़ी होने के बावजूद ये टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 277 रन बना पाई थी और बाद में उसे इस टारगेट को बचाने के लिए खूब मेहनत करनी पड़ी थी। श्रीलंका में जिस तरह का कंडीशन है ऐसे में अफगानिस्तान के गेंदबाज भी भारतीय टीम को परेशान कर सकती है और ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को काफी संभलकर खेलने की जरूरत है।

वैभव-प्रभसिमरन की जोड़ी करेगी पारी की शुरुआत!

श्रीलंका ए के खिलाफ पहले मुकाबले में भारत के दोनों ओपनर वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे। हालांकि, दोनों बल्लेबाज आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करके आए हैं, इसलिए अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी टीम मैनेजमेंट उनके साथ ओपनिंग में भरोसा जता सकता है। ऐसे में इस जोड़ी में बदलाव की संभावना काफी कम नजर आ रही है।

तीसरे नंबर पर प्रियांश आर्या बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं, जिन्होंने पहले मैच में 32 गेंदों पर 32 रन की उपयोगी पारी खेली थी। वहीं, आईपीएल 2026 में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ ने श्रीलंका दौरे पर दमदार वापसी करते हुए 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली और अपनी क्लास का परिचय दिया। ऐसे में वह एक बार फिर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।

अफगानिस्तान ए मुकाबले में भारत की पेस अटैक पर नजर

तिलक वर्मा ने श्रीलंका ए के खिलाफ धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 60 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। अब उम्मीद है कि वह अफगानिस्तान ए के खिलाफ अगले मुकाबले में भी पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।

उनके बाद बल्लेबाजी क्रम में ऑलराउंडर आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय और सूर्यांश शेडगे की मौजूदगी रह सकती है, जो जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। टीम में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अंशुल कंबोज और अरशद खान के कंधों पर होगी, जबकि स्पिन विभाग में विप्रज निगम को मौका मिल सकता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अफगानिस्तान ए के खिलाफ इंडिया ए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी और लगभग वही संयोजन मैदान पर उतारेगी।

ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के लिए इंडिया ए की संभावित प्लेइंग 11

वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या, ऋतुराज गायवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, अंशुल कंबोज, अरशद खान, विप्रज निगम।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here