रायगढ़ लायंस ने रायपुर रॉयल्स को 2 विकेट से हराया, संगीत सोनी बने प्लेयर ऑफ द मैच

0

रायपुर NST NEWS : छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के तीसरे संस्करण में मंगलवार, 9 जून 2026 को खेले गए दूसरे मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने रोमांचक संघर्ष में रायपुर रॉयल्स को 2 विकेट से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेला गया।

बारिश से प्रभावित इस मैच में रायगढ़ लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायपुर रॉयल्स ने 19.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। टीम के लिए कप्तान अमनदीप खरे ने शानदार 60 रनों की पारी खेली, जबकि अमित कुमार यादव ने 52 रन और हर्ष शर्मा ने 31 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए।बारिश के कारण संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ लायंस की टीम को 10 ओवर में 114 रन बनाने थे। टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 9.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 119 रन बना लिए और 2 विकेट से रोमांचक जीत अपने नाम कर ली।

रायगढ़ लायंस की जीत के नायक संगीत सोनी रहे, जिन्होंने मात्र 26 गेंदों पर 51 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा दीपक यादव ने नाबाद 37 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। रायपुर रॉयल्स की ओर से गौरव चतुर्वेदी ने 3 विकेट और शाहबान ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।तेजतर्रार अर्धशतक और मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए संगीत सोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ रायगढ़ लायंस ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here