मुंबई। अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को टीम की कमान सौंपी है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। टी-20 विश्व कप 2026 खेलने वाली टीम में इस बार दो बदलाव किए गए हैं। विकेटकीपर यास्तिका भाटिया और ऑलराउंडर प्रेमा राउत को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी और फिट होकर लौटीं स्पिन ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को मौका मिला है।
खराब फॉर्म से जूझ रहीं यास्तिका भाटिया विश्व कप में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं। उन्होंने चार मैचों की तीन पारियों में केवल 41 रन बनाए थे। उनकी जगह 17 वर्षीय विकेटकीपर जी. कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और महिला प्रीमियर लीग में प्रभावित किया है। दूसरी ओर, टखने की चोट से उबरने के बाद श्रेयांका पाटिल की टीम में वापसी हुई है, जबकि विश्व कप टीम का हिस्सा रहीं प्रेमा राउत को इस बार जगह नहीं मिली।
भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव पर चयनकर्ताओं ने भरोसा कायम रखा है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर और अरुंधति रेड्डी संभालेंगी, जबकि स्पिन विभाग में दीप्ति शर्मा, राधा यादव और श्रेयांका पाटिल अहम भूमिका निभाएंगी। एशियन गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिता टी-20 प्रारूप में खेली जाएगी और आईसीसी रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम को सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश मिलने की संभावना है।
भारतीय महिला टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना होगा। टीम को पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी मजबूत एशियाई टीमों से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। चयनकर्ताओं को भरोसा है कि अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का यह संतुलित संयोजन भारत को एक बार फिर एशियाई खेलों में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।


