काकामिगाहारा (जापान)। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार जुझारूपन का परिचय देते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में भारत तीसरे क्वार्टर के अंत तक 2-3 से पीछे था, लेकिन अंतिम क्वार्टर में जबरदस्त वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर के साथ हुई। भारत को 12वें मिनट में बढ़त मिली जब टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। अशिष तानी पुर्ती ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत इसी बढ़त के साथ आगे रहा। दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने आक्रामक खेल दिखाया और 27वें मिनट में अदील ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इससे पहले भारतीय गोलकीपर आयुष रजक और डिफेंडर अंश बहुत्रा ने शानदार बचाव करते हुए पाकिस्तान के कई हमलों को नाकाम किया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने 35वें मिनट में शाहरुख अली के शानदार फील्ड गोल की बदौलत फिर बढ़त हासिल की, लेकिन पाकिस्तान ने दो मिनट बाद ही मोहम्मद फरहान असलम के गोल से बराबरी कर ली। इसके बाद 42वें मिनट में उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पाकिस्तान को 3-2 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर अपनाए। लगातार दबाव के बीच भारत को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले। 49वें मिनट में अशिष तानी पुर्ती ने बेहतरीन ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा।
53वें मिनट में अशिष तानी पुर्ती ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना हैट्रिक पूरा किया और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर अशिष ने अपना चौथा गोल दागते हुए भारत की बढ़त 5-3 कर दी। अंतिम मिनटों में भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अशिष तानी पुर्ती ने मैच में चार गोल कर भारत की जीत के नायक बने, जबकि शाहरुख अली ने एक गोल का योगदान दिया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 6 जून को जापान से भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे होगा।


