अंतरराष्ट्रीय कैनो चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के 7 खिलाड़ियों का चयन, कजाकिस्तान में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

0

NST NEWS, भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी, भोपाल के खिलाड़ियों ने एक बार फिर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। कजाकिस्तान के तुर्किस्तान में 4 से 7 जून 2026 तक आयोजित होने वाली 2026 एशियन कैनो स्प्रिंट जूनियर एवं अंडर-23 चैंपियनशिप तथा 2026 एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप के लिए मध्यप्रदेश के सात खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है।

कैनो स्प्रिंट वर्ग में संतोष सिंह, प्रिंस गोस्वामी, दीपिक देमार, डैली बिश्नोई और निहारिका सिंह को भारतीय दल में जगह मिली है। वहीं पैरा कैनो वर्ग में प्राची यादव और मनीष कुराव भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित टीम के साथ मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के कोच कैप्टन पीजुष बरोई भी भारतीय दल का हिस्सा होंगे।

एशिया की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की मजबूत उपस्थिति प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण मानी जा रही है। चयनित खिलाड़ी जूनियर, अंडर-23 और पैरा कैनो वर्गों में भारत के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरेंगे।

इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय टीम में स्थान बनाया है। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने प्रदर्शन से वे देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

विशेष रूप से पैरा कैनो वर्ग में प्राची यादव और मनीष कुराव का चयन उल्लेखनीय माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि यह दर्शाती है कि दिव्यांग खिलाड़ी भी खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उनकी सफलता खेलों में समावेशिता और समान अवसरों की भावना को भी मजबूत करती है।

मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, खेल विज्ञान आधारित फिटनेस सहायता और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर मिल रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी कजाकिस्तान में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक जीतेंगे और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here