ईशान किशन की 81 और तिलक वर्मा की नाबाद 60 रन की पारी, अभिषेक शर्मा ने झटके तीन विकेट
हरारे। टी-20 विश्व कप 2026 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली द्विपक्षीय टी-20 श्रृंखला जीत ली है। शनिवार को हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा (8) तथा वैभव सूर्यवंशी (20) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईशान किशन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। श्रेयस के आउट होने के बाद ईशान और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 94 रन की शानदार साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ईशान ने 44 गेंदों पर 81 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 60 रन बनाकर नाबाद लौटे।

220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि प्रिंस यादव और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट चटकाए। यश ठाकुर ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी हासिल किया। इस जीत के साथ भारत ने एक मैच शेष रहते श्रृंखला अपने नाम कर ली।


